newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Gujarat Elections Result : ‘चुनाव हारने वाले हार पचा नहीं पाएंगे, जुल्म बढ़ेंगे पर हमें तैयार रहना होगा’ गुजरात जीत के बाद संबोधन में बोले पीएम मोदी

PM Modi : पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव हारने वाले पचा नहीं पाएंगे। मुझपर और आप पर ज़ुल्म बढ़ेगा, लेकिन हमें सबकुछ सहने के लिए तैयार रहना चाहिए। आमदनी अठन्नी और खर्चा रुपैया का उदाहरण देकर चुनावी रेवड़ी का आफर देने वाले दलों पर साधा निशाना।

गुजरात विधानसभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत से गदगद प्रधानमंत्री मोदी ने जीत के बाद अपने संबोधन में कहा कि परिवारवाद के खिलाफ जनाक्रोश बढ़ रहा है। यह लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत। पीएम ने कहा कि गुजरात ने कमाल ही कर दिया है, गुजरात की जनता को नमन। मोदी ने कहा कि मैंने गुजरात की जनता से कहा था कि इस बार नरेंद्र का रिकॉर्ड टूटना चाहिए। वादा किया था भूपेंद्र नरेंद्र का रिकॉर्ड तोड़े, इसके लिए नरेंद्र ने जी-जान से मेहनत की थी। उन्होंने कहा कि गुजरात की जनता ने रिकॉर्ड का रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा गुजरात के हर परिवार का हिस्सा बन चुकी है।

भाजपा पर जताया युवाओं ने भरोसा

अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए कहा कि इस चुनाव में बड़ी संख्या में युवा वोटर थे। इन्होंने कांग्रेस का शासन नहीं देखा था, लेकिन उन्होंने भाजपा के काम को देखा था। इसलिए उन्होंने हमारे ऊपर भरोसा किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि युवाओं का दिल विजन और विकास से जीत सकते हैं। भाजपा में विजन और विकास के प्रतिबद्धता भी है। युवा तभी वोट देते हैं जब उन्हें भरोसा होता है और सरकार का काम प्रत्यक्ष नजर आता है। आज युवाओं ने जब भाजपा को भारी संख्या में वोट दिया है तो इसके पीछे का संदेश बहुत स्पष्ट है कि युवाओं ने हमारे काम को जांचा, परखा और उस पर भरोसा किया है। उन्होंने कहा कि नतीजों ने सिद्ध कर दिया है कि लोग विकास की राजनीति को पसंद करते हैं। मोदी ने कहा पांच-पांच पीढ़ियों ने जनसंघ के जमाने से मेहनत की है। तब हम यहां तक पहुंचने में कामयाब हुए हैं।

चुनाव हारने वाले पचा नहीं पाएंगे

इसके साथ ही पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव हारने वाले पचा नहीं पाएंगे। मुझपर और आप पर ज़ुल्म बढ़ेगा, लेकिन हमें सबकुछ सहने के लिए तैयार रहना चाहिए। आमदनी अठन्नी और खर्चा रुपैया का उदाहरण देकर चुनावी रेवड़ी का आफर देने वाले दलों पर साधा निशाना।

पीएम मोदी ने किया सभी मतदाताओं का अभिनंदन

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन के दौरान मतदाताओं को धन्यवाद देते हुए तमाम बातें कहीं, इसके साथ ही वह मतदाताओं का अभिनंदन करना भी नहीं भूले। गुजरात के साथ हिमाचल, दिल्ली एमसीडी, यूपी के रामपुर और बिहार उपचुनाव की चर्चा भी की। पीएम मोदी ने चुनाव आयोग का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि एक भी पोलिंग बूथ पर रीपोलिंग की नौबत नहीं आई है। पीएम ने कहा कि वह हिमाचल के हर मतदाता के बहुत-बहुत आभारी हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल के चुनाव में एक प्रतिशत से भी कम हार-जीत का अंतर रहा है। ऐसा कभी नहीं हुआ है। इसका मतलब है कि जनता ने भी भारतीय जनता पार्टी को विजयी बनाने का भरसक प्रयास किया है। केंद्र हिमाचल के विकास के लिए दृढ़ संकल्पित रहेगा।

संबोधन के दौरान रक्षामंत्री, गृहमंत्री भी रहे मौजूद

आपको बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी जब सभी वोटर्स को धन्यवाद दे रहे थे तब वहां गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मंच पर मौजूद रहे। गौरतलब है भाजपा ने गुजरात की 182 में से 156 सीटें जीतकर इतिहास रचा है। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे पीएम मोदी ने लोगों के सामने विक्ट्री साइन दिखाया। इसके बाद मंचासीन नेताओं ने माला पहनाकर पीएम मोदी का स्वागत और अभिनंदन किया।