newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Ram gopal Yadav On Ram Temple: ‘बेकार बना है राम मंदिर’, अखिलेश यादव के चाचा और समाजवादी पार्टी महासचिव रामगोपाल यादव का विवादित बयान

Ram gopal Yadav On Ram Temple: रामगोपाल यादव ने पहले कहा था कि रामनवमी हमेशा ही बड़े हर्ष और उल्लास से लोग मनाते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि रामनवमी को कुछ लोगों ने पेटेंट करा लिया है। ये उनकी बपौती नहीं है। रामगोपाल यादव ने ये भी कहा था कि इस देश में सिर्फ एक ही राम मंदिर नहीं है।

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के महासचिव और अखिलेश यादव के चाचा रामगोपाल यादव ने अयोध्या के राम मंदिर के बारे में विवादित बयान दिया है। रामगोपाल यादव ने न्यूज 18 से बात करते हुए कहा कि वो मंदिर बेकार का है। रामगोपाल यादव ने तर्क दिया कि मंदिर ऐसे नहीं बनते। उन्होंने कहा कि दक्षिण से लेकर उत्तर भारत के पुराने मंदिर देख लीजिए। रामगोपाल यादव ने ये दावा भी किया कि राम मंदिर का नक्शा सही नहीं है और वास्तु के अनुसार भी नहीं है। रामगोपाल यादव के इस बयान से राम मंदिर पर सियासत के गर्माने के आसार हैं।

रामगोपाल यादव पहले भी भगवान राम के जन्मदिन के बारे में विवादित बयान दे चुके हैं। रामनवमी पर रामगोपाल यादव ने कहा था कि रामनवमी हमेशा ही बड़े हर्ष और उल्लास से लोग मनाते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि रामनवमी को कुछ लोगों ने पेटेंट करा लिया है। ये उनकी बपौती नहीं है। रामगोपाल यादव ने ये भी कहा था कि इस देश में सिर्फ एक ही राम मंदिर नहीं है। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाया था कि उसने अधूरी प्राण प्रतिष्ठा की और शंकराचार्य भी इसके विरोध में थे। रामगोपाल ने कहा था कि भगवान का नाम वो लेते हैं, लेकिन पाखंडी नहीं हैं। उन्होंने ये भी कहा था कि कभी किसी की पूजा नहीं की और भगवान राम इन लोगों को दंड देंगे।

बता दें कि विपक्ष के तमाम नेताओं को श्रीराम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने प्राण प्रतिष्ठा के लिए न्योता भेजा था, लेकिन राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे समेत सभी विपक्षी नेताओं ने प्राण प्रतिष्ठा से दूरी बना ली थी। अखिलेश यादव भी वहां नहीं गए थे। उन्होंने ट्रस्ट को चिट्ठी लिखी थी और कहा था कि बाद में दर्शन के लिए परिवार के साथ आएंगे। विपक्ष लगातार आरोप लगाता है कि राम मंदिर में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा बीजेपी और आरएसएस का राजनीतिक कार्यक्रम है।