newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

राहत की खबर : हरदीप सिंह पुरी ने दिए संकेत, शर्तों के साथ जल्द पटरियों पर दौड़ सकती है दिल्‍ली मेट्रो

केंद्रीय मंंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि मेट्रो चालू होने के बाद सरकारी कर्मचारी, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और अनिवार्य सेवाओं से जुड़े अन्‍य लोगों को ही मेट्रो से यात्रा करने की अनुमति दी जाएगी।

नई दिल्ली। कोरोना महामारी के चलते पिछले 4 महीने से बंद दिल्ली मेट्रो अगले कुछ हफ्तों के अंदर पटरियों पर फिर से दौड़ सकती है। केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इसको लेकर संकेत दिए हैं। हरदीप सिंह ने कहा है कि दिल्ली मेट्रो के परिचालन को लेकर सरकार अगले हफ्ते फैसला लेगी। बता दें कि 22 मार्च से ही दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने अपनी सेवाएं ठप कर दी थी।

metro delhi

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने कहा है कि यदि मेट्रो चलती भी है तो शुरुआत में आम लोगों को सफर करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मेट्रो में क्षमता के 50 फीसदी यात्रियों को ही सफर करने की अनुमति मिल सकती है। जानकारी के मुताबिक, केंद्र सरकार देशभर में एक साथ मेट्रो खोलने पर विचार कर रही है।

Civil Aviation Minister Hardeep Singh Puri

केंद्रीय मंंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि मेट्रो चालू होने के बाद सरकारी कर्मचारी, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और अनिवार्य सेवाओं से जुड़े अन्‍य लोगों को ही मेट्रो से यात्रा करने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली मेट्रो नियमित रूप से अपने सिस्टम की जांच-परख कर रही है। वह मेट्रो का परिचालन शुरू करने के लिए बिल्कुल तैयार है। उन्होंने कहा कि अब इंतजार इस महीने आने वाली अगले चरण के अनलॉक की गाइडलाइंस का है।

बता दें कि दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी सरकार के मुखिया सीएम अरविंद केजरीवाल दिल्ली मेट्रो के संचालन को लेकर कई बार अपनी हामी भर चुके हैं। अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के मकसद से दिल्ली सरकार राज्य में हर चीज खोलना चाहती है।

ये हो सकती हैं संभावित शर्तें

-आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करना होगा।
-यात्रा के दौरान मास्क अनिवार्य रूप से लगाना होगा।
-शारीरिक दूरी के नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।
-खासी और सर्दी-जुकाम की स्थिति में मेट्रो स्टेशन के भीतर प्रवेश ही नहीं मिलेगा।