
वाराणसी। अपने जमाने की मशहूर एक्टर और लोकसभा की पूर्व सांसद जयाप्रदा ने सपा के नेता आजम खान की विधानसभा सदस्यता रद्द होने पर पहली बार प्रतिक्रिया दी है। एक कार्यक्रम में शामिल होने वाराणसी पहुंची जयाप्रदा ने शनिवार को आजम की सदस्यता खत्म होने पर पूछे गए सवाल पर प्रतिक्रिया दी। जयाप्रदा ने कहा कि जो बोया, वही काटना पड़ता है। आजम के साथ यही हो रहा है। जयाप्रदा ने ये भी कहा कि हर किसी और खासकर महिलाओं के साथ खराब व्यवहार नहीं करना चाहिए। किसी को भला-बुरा नहीं करना चाहिए। जयाप्रदा ने आजम के बारे में जो कहा, उसे आप सुनिए।
“जो बोया है वह काटना पढ़ता है, आजम ख़ान के साथ यही हो रहा है”
◆ अभिनेत्री और BJP नेता जयाप्रदा pic.twitter.com/OWTpbxUt4v
— News24 (@news24tvchannel) November 12, 2022
बता दें कि साल 2019 के लोकसभा चुनाव के वक्त एक जनसभा में आजम खान ने विवादित बयान दिया था। उनके खिलाफ समाज में वैमनस्य फैलाने का केस दर्ज हुआ था। इस मामले में आजम को कोर्ट ने 3 साल की सजा सुनाई थी। जिसके बाद यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कानून के तहत आजम की सदस्यता रद्द कर दी थी। आजम ने इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की। सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालत को फैसले पर फिर से विचार करने के लिए कहा। निचली अदालत ने एक बार फिर फैसला सुनाया कि आजम को 3 साल की सजा सही है। अब आजम की रामपुर सीट पर उपचुनाव हो रहा है। जिसमें सपा नेता हिस्सा भी नहीं ले सकते।
जयाप्रदा और आजम की बात करें, तो एक जमाने में जयाप्रदा भी सपा में थीं। आजम के गढ़ रामपुर से 2004 और 2009 में सांसद भी चुनी गई थीं। बाद में दोनों के बीच रिश्ते खराब हो गए। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में आजम खान ने जयाप्रदा के बारे में अशोभनीय बयान दिया था। इसके अलावा आजम ने रामपुर के डीएम रहे आंजनेय सिंह के बारे में भी विवादित बयान दिया था। आजम ने तब कहा था कि तनखैया से मत डरो। चुनाव जीतने के बाद इनसे मायावती के जूते साफ कराऊंगा। उस दौरान मायावती और अखिलेश यादव ने मिलकर चुनाव लड़ा था।