newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

नहीं रहे गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री माधव सिंह सोलंकी, PM मोदी ने जताया दुख

Congress leader Madhav Singh Solanki passes away: गुजरात (Gujarat) के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता माधव सिंह सोलंकी (Madhav Singh Solanki) का शनिवार को निधन हो गया है। वह 94 साल के थे।

नई दिल्ली। गुजरात (Gujarat) के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता माधव सिंह सोलंकी (Madhav Singh Solanki) का शनिवार को निधन हो गया है। वह 94 साल के थे। माधव सिंह सोलंकी कांग्रेस के बड़े नेता थे और वह चार बार गुजरात के मुख्यमंत्री रह चुके थे। आपको बता दें कि माधव सिंह सोलंकी पेशे से वकील थें। वह पहली बार 1977 में मुख्यमंत्री बने थे। गौरतलब है कि नरसिम्हा राव सरकार में सोलंकी विदेश मंत्री भी थे।

पीएम मोदी ने जताया शोक

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री माधव सिंह सोलंकी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने ट्वीट कर शोक जताया। पीएम मोदी ने लिखा कि, ‘माधवसिंह सोलंकी जी एक दुर्जेय नेता थे, जिन्होंने दशकों तक गुजरात की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समाज के प्रति उनकी समृद्ध सेवा के लिए उन्हें याद किया जाएगा। उनके निधन से दुखी हूं। उनके पुत्र भरत सोलंकी जी से बात की और संवेदना व्यक्त की। ओम शांति।’

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ( Rahul Gandhi) ने भी पार्टी के दिग्गज नेता माधव सिंह सोलंकी के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘माधवसिंह सोलंकी के निधन से दुखी हूं। कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने और सामाजिक न्याय को बढ़ावा देने में उनके योगदान के लिए याद किया जाएगा। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति गहरी संवेदना।’