
नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जल्द ही भारत दौरे पर आने वाले हैं। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने पुतिन के भारत आने की खबर को कंफर्म किया है। हालांकि उन्होंने यात्रा की तारीख अभी नहीं बताई है मगर इतना जरूर कहा है कि हम राष्ट्रपति के भारत जाने की तैयारियां कर रहे हैं। रूसी विदेश मंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है और अब हमारी बारी है। मोदी हाल ही में जब रूस गए थे तब उन्होंने पुतिन को भारत आने का न्योता दिया था।
यूं तो रूस के साथ भारत के संबंध हमेशा से ही दोस्ताना रहे हैं और दोनों देश एक दूसरे के परस्पर सहयोगी माने जाते हैं, ऐसे में पुतिन का भारत दौरा भारत और रूस के पारस्परिक संबंधों को और मजबूती देगा। यूक्रेन के साथ चल रहे रूस के युद्ध के शुरू के बाद व्लादिमीर पुतिन का यह पहला भारत दौरा होगा। इससे पहले दिसंबर 2021 में पुतिन भारत आए थे। हालांकि उनका वह दौरा काफी शॉर्ट था लेकिन शॉर्ट टर्म में भी दोनों के बीच तकनीकी और रक्षा संबंधी 28 समझौतों पर मुहर लगी थी। पुतिन के भारत आने पर मोदी उनसे यूक्रेन युद्ध पर एक बार फिर चर्चा कर सकते हैं।
इस बात की भी संभावना जताई जा रही है कि मोदी और पुतिन के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हाल ही लिए गए टैरिफ जैसे तमाम फैसले जिनका वैश्विक प्रभाव पड़ा है, उस पर भी चर्चा हो सकती है। आपको बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने तीसरे कार्यकाल में पहली विदेश यात्रा पर रूस गए थे। इसके बाद कजान में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए मोदी ने दोबारा रूस की यात्रा की थी। मोदी ने पुतिन के समक्ष यूक्रेन युद्ध का मुद्दा उठाते हुए शांति से हल खोजने की अपील की थी।