newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Himanta Vs Rahul: ‘अभी नहीं लोकसभा चुनाव के बाद…’, असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने राहुल गांधी पर कह दी ये बड़ी बात

Himanta Vs Rahul: केस दर्ज होने पर राहुल गांधी ने कहा था कि असम के सीएम और पीएम नरेंद्र मोदी जितने चाहें केस दर्ज कर लें। अब असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने राहुल गांधी के इसी बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और कांग्रेस नेता पर लगे आरोप के सबूत होने का दावा भी किया है।

गुवाहाटी। असम पुलिस ने राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, युवा नेता कन्हैया कुमार समेत पार्टी के तमाम लोगों पर हिंसा और साजिश समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है। इस मामले में जांच के लिए असम पुलिस ने एसआईटी बनाई है। असम सरकार का कहना है कि राहुल गांधी समेत उक्त नेताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भड़काया और बैरिकेड तोड़ने को कहा। इस दौरान पुलिस से संघर्ष किया गया। संघर्ष में 4 पुलिसकर्मी चोटिल हुए। असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा के आदेश पर पुलिस ने राहुल समेत कांग्रेस के नेताओं पर केस दर्ज किया था। अब असम के सीएम हेमंत बिस्व सरमा ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया है कि कांग्रेस नेता का मुख्य लक्ष्य असम को अस्थिर करना है।

हिमंत बिस्व सरमा ने ताजा बयान में कहा है कि राहुल गांधी अब असम के धुबरी में न्याय यात्रा करना चाहते है। उनको करने दीजिए। मुझे इस पर आपत्ति नहीं है। इसके बाद हिमंत बिस्व सरमा ने अहम बात कही। उन्होंने कहा कि हम राहुल गांधी को लोकसभा चुनाव के बाद गिरफ्तार करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर अभी गिरफ्तार किया, तो इस कदम से राजनीति होगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले हम इस मामले में राजनीति नहीं करना चाहते, क्योंकि हम चुनाव जीतने जा रहे हैं। सरमा ने कहा कि अब केस दर्ज हो चुका है। हमारे पास सबूत हैं। एसआईटी इस मामले की जांच करेगी। उन्होंने कहा कि गुवाहाटी में बैरिकेड तोड़ने के लिए राहुल गांधी ने जिस तरह भड़काया, उससे बड़ी घटना हो सकती थी। असम के सीएम के इस बयान से अब फिर सियासत के गरमाने के पूरे आसार दिख रहे हैं।

इससे पहले केस दर्ज होने पर राहुल गांधी ने कहा था कि असम के सीएम और पीएम नरेंद्र मोदी जितने चाहें केस दर्ज कर लें। राहुल गांधी असम के धुबरी जिले में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बाद आज बंगाल में प्रवेश करेंगे। बताया जा रहा है कि बंगाल में कुछ जगह राहुल गांधी की यात्रा से संबंधित पोस्टरों को टीएमसी वालों ने फाड़कर फेंक दिया। इस मामले में कांग्रेस ने टीएमसी के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दी है।