newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Prashant Kishor: पार्टी बनाकर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर? समर्थकों के बीच वोटिंग कराकर दी ये जानकारी

पहली बार है कि प्रशांत किशोर ने पार्टी बनाने और लोकसभा चुनाव लड़ने के बारे में इस तरह की वोटिंग कराई है। इससे पहले वो जन सुराज पदयात्रा के दौरान कहते रहे हैं कि वो सिर्फ बिहार और यहां रहने वालों लोगों की हालत सुधारना चाहते हैं।

गोपालगंज। पीएम नरेंद्र मोदी और अन्य पार्टियों के लिए चुनावी कैंपेन कर चुके प्रशांत किशोर उर्फ पीके क्या अब पार्टी बनाकर खुद चुनावी मैदान में उतरने वाले हैं? ये सवाल काफी दिनों से चर्चा में है। दरअसल, प्रशांत किशोर बिहार में जन सुराज यात्रा निकाल रहे हैं। इस यात्रा के दौरान वो बिहार में महागठबंधन की सरकार और सीएम नीतीश कुमार पर लगातार निशाना साध रहे हैं। अब प्रशांत किशोर ने पार्टी बनाकर चुनाव लड़ने की चर्चाओं का जवाब दिया है। बिहार के गोपालगंज में शुक्रवार को प्रशांत ने बताया कि वो चुनावी मैदान में उतरने जा रहे हैं या नहीं।

prashant kishor

जन सुराज यात्रा के 124वें दिन गोपालगंज में प्रशांत किशोर ने गांधी कॉलेज के मैदान में अधिवेशन किया। अधइवेशन में उन्होंने पार्टी बनाने और चुनाव लड़ने के बारे में वोटिंग कराई। इस वोटिंग में 2644 लोगों ने अपना वोट दिया। प्रशांत किशोर ने बताया कि 2580 लोगों ने पार्टी बनाने के पक्ष में राय दी है। क्या 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ना चाहिए, प्रशांत किशोर के इस सवाल के पक्ष में 2462 लोग दिखे। बिहार की बड़ी समस्या के बारे में 58 फीसदी लोगों ने मत देते हुए बेरोजगारी और पलायन का नाम लिया है। प्रशांत किशोर ने मतदान के नतीजे बताते हुए कहा कि जन सुराज के वो नेता नहीं हैं। वो इसे शुरू करने वाले यानी सूत्रधार हैं। प्रशांत किशोर ने ये भी कहा कि जब पदयात्रा खत्म होगी, तो सभी लोगों को साथ बिठाकर वो पार्टी बनाने के बारे में फैसला लेंगे। उन्होंने साफ कहा कि जनता के भरोसे से धोखा करने का उनका कोई इरादा नहीं है।

prashant kishor and nitish kumar

पहली बार है कि प्रशांत किशोर ने पार्टी बनाने और लोकसभा चुनाव लड़ने के बारे में इस तरह की वोटिंग कराई है। इससे पहले वो जन सुराज पदयात्रा के दौरान कहते रहे हैं कि वो सिर्फ बिहार और यहां रहने वालों लोगों की हालत सुधारना चाहते हैं। पूरे साल बिहार को पदयात्रा से नापने का इरादा रखने वाले प्रशांत किशोर पहले नीतीश कुमार के साथ भी रहे हैं, लेकिन अब वो उनके मुखर विरोधियों में से एक हैं। प्रशांत किशोर पहले ये भविष्यवाणी भी कर चुके हैं कि कांग्रेस एक बार फिर मोदी मैजिक के सामने धराशायी होगी।