newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

ऐसा करने वाले उत्तर प्रदेश के पहले भाजपा सीएम बने योगी आदित्यनाथ

वह उत्तर प्रदेश में बीजेपी के सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने वाले सीएम हैं। उनसे पहले बीजेपी के कल्याण सिंह दो बार, राम प्रकाश गुप्ता और राजनाथ सिंह एक-एक बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी सेवा दे चुके हैं।

नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश में योगी सरकार एक नया रिकॉर्ड कायम करने जा रही है। आगामी 19 मार्च को उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री के तौर पर 3 साल पूरे हो जाएंगे। मुख्यमंत्री के तौर पर उत्तरप्रदेश में योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल के तीन साल होते ही वो भाजपा के ऐसा करने वाले उत्तरप्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बन जाएंगे, जिसने उत्तरप्रदेश में 3 साल का कार्यकाल पूरा किया है।

Yogi Adityanath

गौरतलब है योगी आदित्यनाथ से पहले बीजेपी के कल्याण सिंह, राजनाथ सिंह और राम प्रकाश गुप्ता भी यूपी के सीएम रह चुके हैं। आदित्यनाथ ने प्रदेश के 21वें सीएम के रूप में 19 मार्च 2017 को कार्यभार संभाला था। इसके साथ ही वह उत्तर प्रदेश में बीजेपी के सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने वाले सीएम हैं। उनसे पहले बीजेपी के कल्याण सिंह दो बार, राम प्रकाश गुप्ता और राजनाथ सिंह एक-एक बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी सेवा दे चुके हैं।

Chief Minister Yogi Adityanath

कल्याण सिंह पहली बार जून 1991 में प्रदेश के सीएम बने थे और 6 दिसंबर 1992 तक वे इस पद पर रहे। दूसरी बार वह 21 सितंबर 1997 से नवंबर 1999 तक के लिए सीएम बने। इनके अलावा, राम प्रकाश गुप्ता नवंबर 1999 से अक्टूबर 2000 तक यूपी के सीएम रहे। वहीं, राजनाथ सिंह कार्यकाल अक्टूबर 2000 से शुरू होकर मार्च 2002 तक चला।

बीजेपी प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर की तारीफ

उत्तर प्रदेश में बीजेपी के मीडिया कोऑर्डिनेटर राकेश त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री के तौर पर योगी आदित्यनाथ के प्रयासों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ की बेहद ही सादगी भरी पृष्ठभूमि रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विरासत की सियासत से कोई संबंध नहीं रखते हैं। योगी की तारीफ करते हुए वो बोले- ‘उन्होंने मुख्यमंत्री की कुर्सी अपनी मेहनत के दम पर हासिल की है’। त्रिपाठी ने कहा कि गोरखपुर में इंसेफलाइटिस के खिलाफ युद्धस्तर पर मुहिम छेड़ने के उनके काम को सभी ने देखा हुआ है। आज वह उसी तरह से प्रदेश में व्याप्त अन्य बीमारियों तथा अपराध के खिलाफ लगातार युद्ध लड़ रहे हैं। उन्होंने प्रयागराज में कुंभ, प्रवासी भारतीय दिवस, इन्वेस्टर समिट और हाल ही में हुए डिफेंस एक्सपो के सफल आयोजन का श्रेय भी योगी आदित्यनाथ को दिया।

Narendra Modi Yogi Adityanath

एक तरफ भाजपा योगी के 3 साल के कार्यकाल को एक कामयाबी के तौर पर देख रही है तो वहीं दूसरी तरफ विपक्षी दल कांग्रेस ने योगी सरकार के तीन साल के कार्यकाल को लेकर उन पर निशाना साधा। कांग्रेस के प्रवक्ता अशोक सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि यह साफ झूठ के तीन साल हैं। किसान और युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमलावर होते हुए कहा- उत्तर प्रदेश में जंगलराज कायम है। प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध में भी कमी नहीं आई है। इस तरह से कांग्रेस और भाजपा के बीच उत्तरप्रदेश में आरोप-प्रतिरोप का दौर जारी है और दोनों तरफ से जुबानी जंग चल रही है।