newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Travel Tips: ट्रैवल में हो जाती है कब्ज की समस्या?, अपनाएं ये उपाय, अपने सफर को शानदार बनाएं

Travel Tips: यात्रा के दौरान होने वाले कब्ज को चिकित्सकीय भाषा में ट्रैवल कॉन्स्टीपेशन कहा जाता है। ट्रैवल कॉन्स्टीपेशन मुख्य रूप से यात्रा के दौरान घंटों बैठने से पेट में होने वाली गतिविधियों के धीमे होने से होता है, जिससे पाचन क्रिया सुचारू रूप से नहीं हो पाती।

नई दिल्ली। यात्रा ज्ञान बढ़ाने का सबसे अच्छा साधन माना जाता है, लेकिन कई लोग यात्रा के दौरान होने वाली हेल्थ प्रॉब्लम या अन्य किसी समस्या से डर जाते हैं जिसके चलते यात्रा न करना ही बेहतर समझते हैं। ऐसी ही समस्याओं में से एक समस्या है कब्ज की समस्या। कई लोग ऐसे हैं जिन्हें यात्रा के दौरान कब्ज की प्रॉब्लम हो जाती है। इसका मुख्य कारण है बाहर का खाना, शारीरिक गतिविधि का कम हो जाना, सही समय पर पर्याप्त भोजन और पानी नहीं मिलना। इसके अलावा, नींद पूरी न होना और स्थान परिवर्तन भी कब्ज की एक बड़ी वजह हो सकती है। यात्रा के दौरान होने वाले कब्ज को चिकित्सकीय भाषा में ‘ट्रैवल कॉन्स्टीपेशन’ कहा जाता है। ट्रैवल कॉन्स्टीपेशन मुख्य रूप से यात्रा के दौरान घंटों बैठने से पेट में होने वाली गतिविधियों के धीमे होने से होता है, जिससे पाचन क्रिया सुचारु रूप से नहीं हो पाती। प्लेन में यात्रा करने वालों को इस समस्या का सामना ज्यादा करना पड़ता है। लेकिन इस समस्या से निजात पाने के लिए बाजार में कई तरह की दवाएं और मेडिकल उपचार मौजूद हैं, उनका सहारा लिया जा सकता है। इसके अलावा, कुछ घरेलू उपायों को अपना कर भी इस समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है।

साफ-सुथरी हेल्दी डाइट लें

सफर के दौरान तली-भुनी और मैदे वाली चीजें खाने से परहेज करें। फलों का अधिक से अधिक सेवन करें। इसमें भी केला, पपीता और पानी की अधिक मात्रा वाले अन्य फल आपके लिए बेहतर साबित हो सकते हैं। दोपहर के भोजन में भारी भोजन जैसे रोटी/परांठा, करी, सलाद, छाछ आदि लें। रात के खाने में सुपर लाइट खाना लेना चाहिए। डिनर करने में बहुत ज्यादा लेट नहीं करना चाहिए।

बॉडी को प्रॉपर हाइड्रेटेड रखें

कब्ज से निजात पाने के लिए बहुत सारा पानी पीने की जरूरत नहीं होती है। आवश्यकतानुसार ही पानी पिएं। अगर यात्रा के दौरान आप ठंडे स्थान पर हैं तो कम से कम 5 गिलास, और अगर आप गर्म स्थान पर हैं, तो 7-8 गिलास पानी पिएं।

गर्म पानी या ग्रीन टी का सेवन करें

रात को सोते समय और सुबह उठते ही सबसे पहले 1 गिलास गर्म पानी पीना चाहिए, इससे पेट साफ रहता है। इसके अलावा, ग्रीन टी पीना भी स्वास्थ्य के लिए काफी अच्छा माना जाता है।

व्यायाम या योगा जरूर करें

यात्रा के दौरान हर सुबह कम से कम 30 मिनट हल्का व्यायाम/योग आदि करना चाहिए और हो सके तो रोजाना 5000 कदम चलना चाहिए।

आयुर्वेदिक पाचन गोलियां साथ रखें

आयुर्वेदिक पाचन गोलियां जैसे पुदीना वटी, आंवला कैंडी, हाजमोला और हींग वटी आदि हमेशा साथ रखें। आप जब भी पेट में फूला हुआ या भारीपन सा महसूस करें, तो इसकी गोलियों को चूसें। इसके अलावा, अपने साथ घी भी रखें। एक चम्मच घी का सेवन सुबह या रात के समय गर्म पानी के साथ लें। कब्ज की समस्या नहीं होगी। कब्ज के लिए हरीतकी जड़ी बूटी भी काफी लाभदायक है।