newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

RCB Victory Parade Stampede : आरसीबी की विक्ट्री परेड से पहले चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़, 11 लोगों की मौत, कई घायल

RCB Victory Parade Stampede : कुछ घायलों की हालत गंभीर है उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ ने आरसीबी की जीत के लिए उनके सम्मान में समारोह का आयोजन किया था मगर हादसे के चलते जश्न का माहौल मातम में बदल गया है।

नई दिल्ली। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम की विक्ट्री परेड से पहले बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के गेट के पास  भगदड़ मच गई। इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की खबर है, वहीं 20 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में महिला और पुरुष दोनो ही हैं। बहुत से लोग बेहोश हो गए जिनको सीपीआर भी दिया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर है उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 18 साल में पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने के बाद बेंगलुरु पहुंची आरसीबी टीम की विक्ट्री परेड के लिए बहुत बड़ी संख्या में फैन्स चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ बेकाबू होने के चलते यह अनहोनी घटना हो गई।

अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि भगदड़ के पीछे कारण क्या था। कुछ लोगों का कहना है कि भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस ने लाठी चलाई जिसके चलते भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई। बताया जा रहा है कि चिन्नास्वामी स्टेडियम के गेट नंबर 6 के बाहर भगदड़ की यह घटना हुई है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। इस घटना में मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है। आपको बता दें कि प्रदेश के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार खुद आरसीबी टीम का स्वागत करने पहुंचे थे।

इसके बाद टीम के खिलाड़ी विधानसभा गए जहां मुख्यमंत्री सिद्धारमैया सभी को आईपीएल ट्रॉफी जीत के लिए सम्मानित किया जाना था। इसके बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम तक विक्ट्री परेड होनी थी। सड़क पर क्रिकेट फैंस का हुजूम उमड़ आया और सभी लोग अपने चहेते खिलाड़ियों की एक झलक पाने और विक्ट्री परेड का हिस्सा बनने के लिए पहुंचे। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ ने आरसीबी की जीत के लिए उनके सम्मान में समारोह का आयोजन किया था मगर हादसे के चलते जश्न का माहौल मातम में बदल गया है।