newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Badaun Incident : हत्यारे साजिद की मृतक बच्चों के परिवार से नहीं थी दुश्मनी, फिर क्यों दिया जघन्य घटना को अंजाम?…..

Badaun Incident : मृतक बच्चों के पिता ने कहा, मेरे परिवार की साजिद से कोई दुश्मनी नहीं है। समझ नहीं आ रहा है साजिद ने मेरे मासूम बच्चों की हत्या क्यों की? वहीं साजिद की मां ने भी बच्चों के परिवार से किसी तरह की दुश्मनी से इनकार किया है।

नई दिल्ली। बदायूं में मंगलवार रात दो मासूम बच्चों की नृशंस हत्या की दिल दहलाने वाली घटना को लेकर एक सवाल जो अभी तक सवाल बना है कि आखिर साजिद ने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम क्यों दिया? पहले ऐसा अनुमान लगाया जा रहा था कि साजिद की मृतक बच्चों के परिवार से दुश्मनी थी जिसके चलते रंजिशन साजिद ने दो बच्चों की हत्या को अंजाम दिया और अपने भाइयों को बचाने आए तीसरे बच्चे पर भी उस्तरे से ताबड़तोड़ वार किया जो गंभीर रूप से घायल है। लेकिन जिन बच्चों की हत्या हुई है, उनके पिता ने कहा कि साजिद से उनकी या उनके परिवार की कोई दुश्मनी नहीं थी, वह तो बच्चों के बाल भी काटता था। वहीं साजिद की मां का भी यही कहना है कि बच्चों के परिवार से कोई दुश्मनी नहीं थी बल्कि घर आना जाना था। अब सवाल यही है कि फिर साजिद ने ऐसा क्यों किया, इसके लिए फिलहाल पुलिस तफ्तीश कर रही है और दूसरे फरार आरोपी जावेद को पकड़ने के लिए प्रयासरत है।

मृतक बच्चों के पिता विनोद सिंह ने कहा, समझ नहीं आ रहा है आखिर साजिद ने मेरे मासूम बच्चों की हत्या क्यों की? साजिद ने मेरी पत्नी से पांच हजार रुपये मांगे थे, जो उसे दे दिए गए। उन्होंने कहा कि साजिद के भाई जावेद का पकड़ा जाना बेहद जरूरी है, जिससे पता चल सके कि आखिर बच्चों की हत्या करने के पीछे क्या कारण था। पीड़ित पिता विनोद ने कहा कि साजिद के एनकाउंटर के बाद अब जावेद का जिंदा पकड़ा जाना बहुत जरूरी है तभी पता चलेगा की हत्या क्यों हुई।

वहीं आरोपी साजिद की मां नाजरीन का कहना है कि कई साल से साजिद और जावेद दुकान में एक साथ काम करते थे। कभी किसी से उनका कोई झगड़ा नहीं हुआ। उन्हें नहीं मालूम कि आखिर साजिद ने दो बच्चों की हत्या क्यों की। उसकी उन बच्चों से आखिर क्या दुश्मनी थी। नाजरीन का कहना है कि साजिद ने गलत किया है, और उसको गलत की सजा मिली है। नाजरीन का यह भी कहना है कि उसकी बहू यानि साजिद की पत्नी गर्भवती नहीं है। वह तो 10-12 दिन पहले मायके चली गई है। हालांकि नाजरीन के यह जानकारी दी कि साजिद के दो बच्चों की मौत हो चुकी है। अब इस सवाल की गुत्थी तभी सुलझेगी जब पुलिस दूसरे आरोपी जावेद को गिरफ्तार करेगी।