
यरुशलम। हमास और इजरायल के बीच युद्धविराम समझौता खटाई में पड़ता दिख रहा है। इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतनयाहू ने बयान जारी किया है कि अगर शनिवार तक हमास ने बंधकों को नहीं छोड़ा, तो गाजा में युद्धविराम समझौता खत्म हो जाएगा। बेंजामिन नेतनयाहू ने ये भी कहा है कि इजरायल की सेना उस वक्त तक जंग जारी रखेगी, जब तक हमास हार नहीं जाता। इससे पहले हमास ने आरोप लगाया था कि इजरायल ने युद्धविराम समझौते का उल्लंघन किया है। इसकी वजह से इजरायल के बंधकों की रिहाई हमास ने टाल दी थी। वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी हमास को चेतावनी दी थी।
אם חמאס לא יחזיר את חטופינו עד שבת בצהריים – הפסקת האש תיפסק, וצה”ל יחזור ללחימה עצימה עד להכרעה סופית של החמאס pic.twitter.com/4Cx30kHGvN
— Benjamin Netanyahu – בנימין נתניהו (@netanyahu) February 11, 2025
ट्रंप ने कहा था कि अगर शनिवार तक हमास ने इजरायल के बंधकों को रिहा न किया, तो वो युद्धविराम समझौते को खत्म करने का प्रस्ताव देंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ये भी कहा था कि इसके साथ ही हमास को भी खत्म करने का प्रस्ताव होगा। ट्रंप के बाद अब इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतनयाहू ने भी शनिवार दोपहर तक बंधकों को रिहा करने की समयसीमा दी है। अगर हमास ने ऐसा न किया, तो गाजा में इजरायल की सेना फिर अपना सैन्य अभियान शुरू कर सकती है। बता दें कि गाजा में रहने वाले फिलिस्तीनी लौट आए हैं। ऐसे में इजरायल अगर फिर हमास के खिलाफ अभियान शुरू करता है, तो इससे और आम लोगों के जान गंवाने का खतरा पैदा होगा।
हमास ने इजरायल पर 7 अक्टूबर 2023 को धावा बोला था। इजरायल में हमास के आतंकियों ने 4000 से ज्यादा लोगों की जान ली थी और 250 के करीब बंधक बनाए थे। इनमें से कई बंधकों की मौत हो चुकी है। कुछ को हमास रिहा कर चुका है। वहीं, अब तक हमास के कब्जे में 70 से ज्यादा बंधक हैं। अब अमेरिका और इजरायल चाहते हैं कि हमास सभी बंधकों को एक साथ रिहा कर दे। वहीं, हमास चाहता है कि बंधकों की रिहाई टुकड़ों में हो। ताकि इजरायल की जेलों में कैद उसके सदस्यों और नेताओं को भी रिहा कराया जा सके।