newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Subhanshu Shukla: शुभांशु शुक्ला को अंतरिक्ष ले जाने का Axiom-4 मिशन फिर टला, इस बार लिक्विड ऑक्सीजन बनी वजह

Subhanshu Shukla: एक्सिओम मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर शुभांशु शुक्ला और अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को भेजने की जिम्मेदारी एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स को दी गई थी। स्पेसएक्स ने बताया है कि ये मिशन स्थगित कर लिक्विड ऑक्सीजन के लीकेज को ठीक किया जाएगा। जिसके बाद सभी अंतरिक्ष यात्रियों को मिशन पर भेजा जाएगा। पहले ये मिशन 8 जून को लॉन्च किया जाना था। बाद में मौसम में गड़बड़ी के कारण इसे 10 जून और फिर 11 जून तक टाला गया।

केप कैनेवरल। शुभांशु शुक्ला का अंतरिक्ष जाने का मिशन एक बार फिर स्थगित हो गया है। शुभांशु शुक्ला समेत 4 अंतरिक्ष यात्रियों को भारतीय समय के मुताबिक आज शाम 5.30 बजे एक्सिओम मिशन के तहत अमेरिका से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा करनी थी। इसके लिए लॉन्च पैड पर फाल्कन-9 रॉकेट और उसके ऊपर ड्रैगन कैप्सूल तैयार था, लेकिन स्टैटिक टेस्ट के दौरान लिक्विड ऑक्सीजन के रिसाव का पता चला। जिसके कारण शुभांशु शुक्ला समेत चारों अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष भेजने का कार्यक्रम टालना पड़ा। इस मिशन में शुभांशु शुक्ला के साथ ही हंगरी और पोलैंड के अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन जाने वाले थे।

एक्सिओम मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर शुभांशु शुक्ला और अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को भेजने की जिम्मेदारी एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स को दी गई थी। स्पेसएक्स ने बताया है कि ये मिशन स्थगित कर लिक्विड ऑक्सीजन के लीकेज को ठीक किया जाएगा। जिसके बाद सभी अंतरिक्ष यात्रियों को मिशन पर भेजा जाएगा। पहले ये मिशन 8 जून को लॉन्च किया जाना था। बाद में मौसम में गड़बड़ी के कारण इसे 10 जून और फिर 11 जून तक टाला गया। अब लिक्विड ऑक्सीजन लीकेज के कारण खतरा होने से एक्सिओम मिशन फिर टालने की नौबत आई है। शुभांशु शुक्ला और उनके साथ के अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पर 14 दिन बिताना था। इस दौरान शुभांशु शुक्ला को भारतीय संस्थानों के 7 और नासा की ओर से तय किए गए 5 एक्सपेरिमेंट भी करने थे।

जिस फाल्कन-9 रॉकेट से शुभांशु शुक्ला और अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन भेजा जाना था, वो काफी भरोसेमंद माना जाता है। इस रॉकेट के इंजन को चलाने के लिए तरल ईंधन के साथ ही तरल ऑक्सीजन की टंकी भी लगाई जाती है। माना जा रहा है कि टंकी या बर्नर तक लगाई गई पाइप में से ही कहीं ऑक्सीजन लीक की समस्या हुई है। ऑक्सीजन लीक होने के कारण उड़ान भरने पर रॉकेट के साथ ही अंतरिक्ष यात्रियों की जान को भी खतरा पैदा हो सकता है। इसी वजह से एक्सिओम मिशन को स्थगित करने का फैसला लेना पड़ा। अब लॉन्च पैड पर तारीख की उपलब्धता और मौसम का मिजाज देखने के बाद ही शुभांशु शुक्ला को अंतरिक्ष भेजने की अगली तारीख तय होगी।