newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Russia-Ukraine War: यूक्रेन के टुकड़े कर रूस से जंग रुकवाएंगे डोनाल्ड ट्रंप?, पुतिन से मिलने के बाद विशेष दूत ने दिया है ये प्रस्ताव

Russia-Ukraine War: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की पहले ही कह चुके हैं कि वो रूस से लंबा युद्ध लड़ने के लिए तैयार हैं, लेकिन यूक्रेन का एक भी हिस्सा वो दुश्मन को नहीं देंगे। वहीं, ट्रंप लगातार ये कह रहे हैं कि रूस और यूक्रेन को युद्ध रोकने के लिए तैयार होना चाहिए। ट्रंप ने ये धमकी भी दी थी कि अगर युद्ध रोकने पर पुतिन न माने, तो वो रूस के खिलाफ और कड़े प्रतिबंध लगाएंगे।

वॉशिंगटन। यूक्रेन और रूस में साल 2022 के फरवरी महीने से जंग चल रही है। अमेरिका का राष्ट्रपति चुने जाने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और यूक्रेन की जंग को रोकने की कोशिश शुरू की है। अब खबर ये आ रही है कि ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने जंग रोकने के लिए यूक्रेन के कुछ हिस्से रूस को देने की वकालत की है। विटकॉफ ने ट्रंप से कहा है कि यूक्रेन के पूर्वी इलाके के चार हिस्से रूस को दे दिए जाएं। उनका कहना है कि रूस और यूक्रेन के बीच जंग रोकने का से सबसे तेज तरीका है।

स्टीव विटकॉफ ने शुक्रवार को रूस जाकर राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से मुलाकात की थी। वहां से लौटने के बाद ही उन्होंने यूक्रेन के हिस्से कर रूस को देने का प्रस्ताव दिया। मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक स्टीव विटकॉफ ने जब ट्रंप से कहा कि यूक्रेन के 4 हिस्से रूस को देने से जंग रुक सकती है, तो इसका विरोध भी हुआ। बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान स्टीव विटकॉफ के प्रस्ताव पर ट्रंप के यूक्रेन मसले पर विशेष दूत जनरल कीथ केलीग ने इसका विरोध किया। कीथ केलीग ने कहा कि यूक्रेन विवादित जमीन संबंधी बातचीत के लिए कुछ शर्तों पर राजी हो सकता है, लेकिन वो कभी भी अपनी जमीन रूस को देने के पक्ष में नहीं होगा।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की पहले ही कह चुके हैं कि वो रूस से लंबा युद्ध लड़ने के लिए तैयार हैं, लेकिन यूक्रेन का एक भी हिस्सा वो दुश्मन को नहीं देंगे। वहीं, ट्रंप लगातार ये कह रहे हैं कि रूस और यूक्रेन को युद्ध रोकने के लिए तैयार होना चाहिए। बीते दिनों जेलेंस्की जब अमेरिका गए थे, तब ट्रंप ने उनसे ये भी कहा था कि वो तीसरे विश्व युद्ध का दांव खेल रहे हैं। ट्रंप ने युद्ध रोकने के लिए व्लादिमिर पुतिन से भी बात की थी। इसके अलावा ट्रंप ने ये धमकी भी दी थी कि अगर पुतिन नहीं माने, तो रूस पर वो और कड़े प्रतिबंध लगाने का फैसला कर सकते हैं।