newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Donald Trump: धोखाधड़ी मामले में फंसे डोनाल्ड ट्रंप को राहत, अपीली कोर्ट ने जुर्माना घटाया

Donald Trump: न्यूयॉर्क के कोर्ट ने इस साल फरवरी में धोखाधड़ी के मामले में डोनाल्ड ट्रंप पर 35.5 करोड़ डॉलर का जुर्माना लगाया था। वक्त पर जुर्माना न भरे जाने के कारण ये बढ़कर 45.4 करोड़ डॉलर हो गया। इस मामले में डोनाल्ड ट्रंप के बेटों को भी गुनहगार मानते हुए कोर्ट ने जुर्माना लगाया था।

न्यूयॉर्क। अमेरिका में एक बार फिर राष्ट्रपति बनने की दौड़ में उतरे रिपब्लिकन पार्टी के डोनाल्ड ट्रंप को धोखाधड़ी मामले में राहत मिली है। न्यूयॉर्क के कोर्ट ने धोखाधड़ी मामले में डोनाल्ड ट्रंप पर 45.4 करोड़ डॉलर का जुर्माना लगाया था। इसे कम करके 17.5 करोड़ कर दिया। ये जुर्माना डोनाल्ड ट्रंप ने चुका दिया है। इस मामले में अभी कोर्ट में सुनवाई चल रही है। ट्रंप ने भारी जुर्माना लगाए जाने के खिलाफ न्यूयॉर्क के अपीली कोर्ट में दस्तक दी थी। वहां सुनवाई के बाद धोखाधड़ी मामले में ट्रंप की जुर्माना राशि कम कर दी गई। कोर्ट ने 10 दिन में जुर्माना चुकाने के लिए ट्रंप को कहा था।

donald trump in court 2

न्यूयॉर्क के कोर्ट ने इस साल फरवरी में धोखाधड़ी के मामले में डोनाल्ड ट्रंप पर 35.5 करोड़ डॉलर का जुर्माना लगाया था। वक्त पर जुर्माना न भरे जाने के कारण ये बढ़कर 45.4 करोड़ डॉलर हो गया। इस मामले में डोनाल्ड ट्रंप के बेटों को भी गुनहगार मानते हुए कोर्ट ने जुर्माना लगाया था। बड़ा जुर्माना देने के कारण डोनाल्ड ट्रंप को खराब वित्तीय स्थिति का सामना करना पड़ता। माना जा रहा है कि अपीली अदालत में ट्रंप ने यही दलील दी। जिसके बाद कोर्ट ने जुर्माना की राशि कम करने का आदेश दिया। पहले पता ये भी चला था कि ट्रंप तो जुर्माने की राशि का आधा भी इकट्ठा नहीं कर सके थे। यहां तक कि वो अपनी कई संपत्तियों को बेचने की योजना भी बना रहे थे।

डोनाल्ड ट्रंप ने धोखाधड़ी मामले में सजा और जुर्माना लगाए जाने पर जज के प्रति निराशा जताई थी। ट्रंप ने इस आदेश को गलत और पूरी तरह अवैध भी बताया था। उन्होंने अपने खिलाफ कोर्ट के फैसले को अमेरिका की न्याय व्यवस्था पर भी खतरा करार दिया था। उन्होंने कहा था कि पक्षपाती और बंटवारे को बढ़ावा देने वाले जज और वकील हैं। अटॉर्नी जनरल टिश जेम्स पर भी डोनाल्ड ट्रंप ने निशाना साधा था। ट्रंप ने आरोप लगाया था कि टिश जेम्स काफी समय से उनको फंसाने की कोशिश में जुटे हैं।