newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Volodymyr Zelensky Proposed To Vladimir Putin For Ceasefire : रूस-यूक्रेन युद्ध के तीन साल पूरे होने पर वोलोदिमिर जेलेंस्की ने युद्ध विराम के लिए व्लादिमीर पुतिन के सामने रखी शर्त

Volodymyr Zelensky Proposed To Vladimir Putin For Ceasefire : जेलेंस्की ने कीव में कहा, अगर यूक्रेन के सभी युद्धबंदी सैनिकों और नागरिकों को रूस रिहा कर दे तो इसके बदले में यूक्रेन भी रूस के युद्धबंदियों को रिहा कर देगा। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, यूक्रेनियन की पूर्ण वीरता के तीन साल। मुझे यूक्रेन पर गर्व है। मैं यूक्रेन का बचाव और समर्थन करने वाले सभी लोगों को धन्यवाद देता हूं। साथ ही उन्होंने यूक्रेन के लिए जान देने वाले सैनिकों और अपने नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

नई दिल्ली। यूक्रेन और रूस युद्ध शुरू हुए आज से तीन साल पूरे हो गए। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने युद्ध विराम के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सामने प्रस्ताव स्वरूप एक शर्त रखी है। न्यूज एजेंसी एएफपी के अनुसार जेलेंस्की ने कीव में कहा, अगर यूक्रेन के सभी युद्धबंदी सैनिकों और नागरिकों को रूस रिहा कर दे तो इसके बदले में यूक्रेन भी रूस के युद्धबंदियों को रिहा कर देगा। इससे पहले अक्टूबर 2024 में संयुक्त अरब अमीरात ने रूस और यूक्रेन के बीच मध्यस्थता की थी दोनों देशों ने एक दूसरे के 95-95 युद्धबंदियों को छोड़ा था।

इससे पहले जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा था, तीन साल का प्रतिरोध। तीन साल का आभार, यूक्रेनियन की पूर्ण वीरता के तीन साल। मुझे यूक्रेन पर गर्व है। मैं यूक्रेन का बचाव और समर्थन करने वाले सभी लोगों को धन्यवाद देता हूं। हर कोई जो यूक्रेन के लिए काम करता है। इसके साथ ही उन्होंने यूक्रेन के लिए जान गंवाने वालों को याद करते हुए उनको श्रद्धांजलि अर्पित की। अपनी पोस्ट में उन्होंने रूसी हमलों के वीडियो को भी शेयर किया है। जेलेंस्की ने कल एक पोस्ट में लिखा था, युद्ध को रोकने के लिए नाटो सबसे किफायती विकल्प है। यह सबसे सरल और सबसे तार्किक समाधान है।

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने सुझाव दिया था कि यदि यूक्रेन नाटो में शामिल नहीं होता है, तो हमें यूक्रेन के भीतर नाटो बनाना होगा, जिसका अर्थ है आक्रामकता को दूर करने के लिए पर्याप्त मजबूत सेना बनाए रखना, उसे वित्तपोषित करना, अपने स्वयं के हथियारों का पर्याप्त उत्पादन और भंडारण करना, और रूस को एक और युद्ध शुरू करने से रोकने के लिए अपने सहयोगियों के साथ उनकी भागीदारी के बारे में बातचीत करना।  इसीलिए हम सुरक्षा गारंटी की एक व्यापक प्रणाली-सैन्य, आर्थिक और राजनीतिक-के बारे में बात कर रहे हैं। हमें हर चीज़ पर ध्यान देने की ज़रूरत है-क्या सस्ता है, क्या अधिक यथार्थवादी है, और क्या तेजी से किया जा सकता है। मैं उन सभी का आभारी हूं जो वास्तविक सुरक्षा की दिशा में हमारे काम में यूक्रेन का समर्थन करते हैं।