newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Modi In Hiroshima: हिरोशिमा में पीएम मोदी ने किया महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण, जापानी पीएम किशिदा समेत इन नेताओं से मिले

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान के हिरोशिमा शहर पहुंचे हैं। यहां वो जी-7 देशों की बैठक में हिस्सा लेने आए हैं। जी-7 देशों की बैठक से पहले पीएम मोदी ने आज हिरोशिमा में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया। महात्मा गांधी शांति के लिए काम करते रहे। हिरोशिमा में गांधी प्रतिमा की स्थापना बहुत अहम है।

हिरोशिमा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान के हिरोशिमा शहर पहुंचे हैं। यहां वो जी-7 देशों की बैठक में हिस्सा लेने आए हैं। जी-7 देशों की बैठक से पहले पीएम मोदी ने आज हिरोशिमा में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया। महात्मा गांधी शांति के लिए काम करते रहे। वहीं, हिरोशिमा में 6 अगस्त को अमेरिका ने पहला परमाणु बम गिराया था। ऐसे में यहां महात्मा गांधी की प्रतिमा की स्थापना बहुत अहम है। मोदी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के अनावरण के बाद वहां मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की।

पीएम मोदी ने गांधी प्रतिमा के अनावरण के बाद जापानी पीएम फुमियो किशिदा से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच पारस्परिक सहयोग, एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग और जी-7, जी-20 संगठनों के बीच सामंजस्य पर चर्चा हुई। भारत अभी जी-20 का अध्यक्ष है।

modi with kishida
हिरोशिमा में जापानी पीएम फुमियो किशिदा से पीएम मोदी ने मुलाकात की।

हिरोशिमा में पीएम मोदी ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक येओल के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की। इस बैठक में मोदी और येओल के बीच भारत-दक्षिण कोरिया संबंध को मजबूत करने, एशिया-प्रशांत के हालात और अन्य वाणिज्यिक मसलों को गति देने पर चर्चा हुई। पीएम मोदी को आज जी-7 की बैठक में हिस्सा लेने के अलावा 38 और बैठकों में हिस्सा लेना है। इसके बाद मोदी पापुआ न्यू गिनी और फिर ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर भी जाएंगे। इन दोनों देशों में भी स्थानीय सरकार के प्रमुखों और भारतवंशियों से मुलाकात करने वाले हैं।

पहले क्वॉड देशों यानी भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के प्रमुखों की शिखर बैठक ऑस्ट्रेलिया में होने वाली थी, लेकिन कर्ज संकट के कारण अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन हिरोशिमा से ही अपने देश वापस लौट जाएंगे। इस वजह से ऑस्ट्रेलिया में क्वॉड की बैठक को रद्द किया गया था। अब ये बैठक हिरोशिमा में ही होगी। क्वॉड की बैठक में संगठन को आगे ले जाने की रणनीति और साझा हितों को साधने पर आज चर्चा होनी है। कुल मिलाकर हिरोशिमा में मोदी का व्यस्त दिन आज रहने वाला है।