Abdul Rahman Makki: लश्कर-ए-तैयबा चीफ हाफिज सईद के बहनोई अब्दुल रहमान मक्की के अगवा होने की पाकिस्तान में चर्चा, मुंबई आतंकी हमले समेत कई मामलों में रची थी साजिश

अब्दुल रहमान मक्की लश्कर-ए-तैयबा का डिप्टी चीफ है। मुंबई पर 2008 के सबसे बड़े आतंकी हमले समेत कई घटनाओं में अब्दुल रहमान मक्की का बतौर साजिशकर्ता नाम आया था। अब्दुल रहमान मक्की का नाम संयुक्त राष्ट्र की वैश्विक आतंकियों की लिस्ट में भी है।

Avatar Written by: October 2, 2023 10:56 am
abdul rahman makki

इस्लामाबाद। बीते दिनों लश्कर-ए-तैयबा के चीफ हाफिज सईद के बेटे के लापता होने की खबर आई थी। बाद में पाकिस्तान ने इस खबर को गलत बताया था। अब पाकिस्तान में इस चर्चा ने जोर पकड़ा है कि हाफिज सईद का बहनोई अब्दुल रहमान मक्की आज सुबह से लापता है। चर्चा इसकी है कि कुछ अज्ञात लोगों ने अब्दुल रहमान मक्की को अगवा कर लिया। हालांकि, इस खबर की पुष्टि नहीं हुई है। अब्दुल रहमान मक्की लश्कर-ए-तैयबा का डिप्टी चीफ है। मुंबई पर 2008 के सबसे बड़े आतंकी हमले समेत कई घटनाओं में अब्दुल रहमान मक्की का बतौर साजिशकर्ता नाम आया था।

abdul rahman makki 1
भारत में हुए कई आतंकी हमलों की साजिश में अब्दुल रहमान मक्की का नाम आया था।

अब्दुल रहमान मक्की का नाम संयुक्त राष्ट्र की वैश्विक आतंकियों की लिस्ट में भी है। सुरक्षा परिषद ने अल-कायदा प्रतिबंध कमेटी के तहत मक्की का नाम शामिलकिया है। उसकी संपत्ति फ्रीज करने के आदेश हैं। मक्की पर कहीं आने-जाने का प्रतिबंध भी लगाया गया है। अमेरिका और भारत ने मक्की को वैश्विक आतंकी की लिस्ट में शामिल करने के लिए काफी जोर लगाया था, लेकिन चीन लगातार इसमें अड़ंगा लगा रहा था। आखिरकार चीन ने भी प्रस्ताव का समर्थन किया और अब्दुल रहमान मक्की को वैश्विक आतंकी घोषित किया जा सका। मुंबई आतंकी हमले के अलावा मक्की पर साल 2000 में लालकिले पर हमले, 2008 में रामपुर सीआरपीएफ कैंप पर हमले और 2018 में जम्मू-कश्मीर के गुरेज में हमले की साजिश रचने का भी आरोप है।

hafiz saeed
लश्कर-ए-तैयबा का चीफ हाफिज सईद। वो अभी जेल में बंद है।

दूसरी ओर खबर ये है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने जेल में बंद लश्कर चीफ हाफिज सईद की सुरक्षा बढ़ा दी है। पाकिस्तान की एक अदालत ने हाफिज सईद को 31 साल की सजा सुनाई थी। उसके बाद से वो कैद में ही है। हालांकि, पहले तमाम खबरें आ चुकी हैं कि हाफिज सईद को आईएसआई अपने दामाद के जैसा व्यवहार जेल में दे रही है। बीते कुछ वक्त में पाकिस्तान में तमाम आतंकियों को अज्ञात लोगों ने मौत के घाट उतारा है। जिसके बाद हाफिज की सुरक्षा बढ़ाई गई है।