
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की सुरक्षा में जबरदस्त चूक हुई। इस चूक से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। बाइडेन और उनकी पत्नी को सुरक्षित जगह ले जाना पड़ा। सबकी निगाहें आसमान पर टिक गईं। 9/11 हमलों के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति की जान बचाने के लिए सुरक्षा दस्ते को तमाम उपाय करने पड़े। मामला डेलावेयर का है। यहां के रेहोबोथ बीच इलाके में जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल छुट्टियां मनाने पहुंचे थे। वो एक वेकेशन होम में रुके थे। राष्ट्रपति और अमेरिका की प्रथम महिला के रहने की जगह के आसपास नो फ्लाई जोन घोषित किया गया था।
सुरक्षा दस्ते अपनी जगह मुस्तैद थे कि अचानक आसमान से आती एक आवाज ने उन्हें चौकन्ना कर दिया। सबने नजरें उठाकर देखीं, तो नो फ्लाई जोन में एक छोटा विमान घुस आया था। वो उसी वेकेशन होम की तरफ आ रहा था, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति और उनकी पत्नी रुके हुए थे। खतरे की आशंका को देखते हुए सीक्रेट सर्विस के लोग तुरंत हरकत में आ गए। उन्होंने बाइडेन और जिल को अपने घेरे में लिया और सुरक्षित जगह ले गए। इसके बाद विमान को संदेश भेजकर उसे उतारा गया और पायलट को हिरासत में ले लिया गया। उससे पूछताछ जारी है।
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति जहां भी मौजूद रहते हैं, वहां 30 किलोमीटर के दायरे में नो फ्लाई जोन होता है। इस इलाके की जानकारी एटीसी से विमान उड़ाने वाले पायलटों को दी जाती है। जिस छोटे विमान ने घुसपैठ की, उसके पायलट से इसी बारे में पूछताछ हो रही है कि उसने आखिर नो फ्लाई जोन में घुसने की हिमाकत कैसे की? सीआईए और एफबीआई के एजेंट के अलावा सीक्रेट सर्विस के लोग भी उससे जानकारी हासिल कर रहे हैं।