newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Germany Terror Arrest: जर्मनी में ईरानी मूल के दो लोग गिरफ्तार, खतरनाक केमिकल से आतंकी हमले की साजिश रचने का आरोप

जर्मनी की गृहमंत्री नैंसी फेजर के मुताबिक पुलिस और विशेष बलों ने खुफिया जानकारी मिलने के बाद दोनों ईरानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। फेजर के मुताबिक दोषी पाए जाने पर दोनों को कम से कम 3 और अधिकतम 15 साल कैद की सजा हो सकती है।

बॉन। जर्मनी में बड़ी आतंकी घटना की साजिश का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने रविवार को जर्मनी के नॉर्थ राइन वेस्टफेलिया इलाके से ईरान के दो नागरिकों को आतंकी हमले की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनों के बारे में पुलिस का कहना है कि वे इस्लामी कट्टरपंथी हैं। ये दोनों जैविक हथियार के जरिए आतंकी वारदात करना चाहते थे। जर्मनी की गृहमंत्री नैंसी फेजर के मुताबिक पुलिस और विशेष बलों ने खुफिया जानकारी मिलने के बाद दोनों ईरानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। फेजर के मुताबिक दोषी पाए जाने पर दोनों को कम से कम 3 और अधिकतम 15 साल कैद की सजा हो सकती है। बता दें कि जर्मनी में साल 2018 में भी आतंकी हमले की साजिश रचने में ट्यूनिशिया के दंपति को गिरफ्तार किया गया था। इनके पास से खतरनाक राइसिन नाम का केमिकल मिला था।

germany terror arrest 1
जर्मनी में गिरफ्तार ईरानी नागरिक को ले जाती पुलिस

जर्मनी में रविवार को गिरफ्तार किए गए दोनों ईरानी नागरिकों के घर से भी राइसिन और साइनाइड बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक ये दोनों खतरनाक केमिकल्स के जरिए लोगों की जान लेने की तैयारी कर रहे थे। राइसिन नाम का केमिकल अरंडी के बीजों से मिलता है। ये इतना खतरनाक होता है कि अगर किसी के जिस्म में चला जाए, तो मिनटों में मौत हो जाती है। अगर राइसिन और साइनाइड को दोनों आरोपी सार्वजनिक स्थान पर इस्तेमाल करते, तो उससे सैकड़ों लोगों की मौत हो सकती थी। अभी दोनों से पूछताछ चल रही है। पता किया जा रहा है कि उनकी साजिश में और कितने लोग शामिल हैं।

arrest

मीडिया की खबरों के मुताबिक दोनों ईरानी आतंकियों के बारे में अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई ने जर्मन अफसरों को जानकारी दी थी। एफबीआई को सोशल मीडिया एप टेलीग्राम से इस साजिश का पता चला था। इसमें आरोपी बम बनाने और जानलेवा केमिकल हासिल करने के तौर-तरीके तलाश रहे थे। एफबीआई से इनके ठिकाने के बारे में पता चलते ही जर्मन पुलिस और स्पेशल फोर्सेज ने इलाके को घेर लिया। हर घर को सील कर दिया गया। किसी के भी बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी गई। जिसके बाद केमिकल्स से बचाव वाले सूट पहनकर दोनों को गिरफ्तार किया गया।