newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

सत्ता संभालते ही अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने भारतीयों को दी खुशखबरी, नागरिकता देने का किया ऐलान

America: इसी बीच बाइडेन ने भारत वासियों के लिए एक बहुत ही बड़ा फैसला लिया है। दरअसल बाइडेन ने प्रवासियों को राहत देने वाले एक कार्यकारी आदेश पर भी हस्‍ताक्षर किए हैं।

नई दिल्ली। बुधवार को अमेरिका (America) में नई सरकार का गठन हो गया है। डेमोक्रेटिक नेता जो बाइडन (Joe Biden) ने देश के 46वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। वहीं, कमला हैरिस (Kamala Harris) ने देश की पहली महिला उपराष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। जैसा कि कयास लगाए जा रहे थे कि जो बाइडन राष्ट्रपति बनते ही डोनाल्ड ट्रंप के कई फैसलों को पलट देंगे, ठीक वैसा ही हुआ।अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने के कुछ घंटे बाद ही बाइडेन ने सीधे ओवल ऑफिस में कामकाज संभाला और एक्शन मूड में नजर आए। आपको बता दें कि अमेरिका के इतिहास में सबसे उम्रदराज राष्ट्रपति बाइडन ने अपने परिवार की 127 साल पुरानी बाइबिल पर हाथ रखकर पद और गोपनीयता की शपथ ली।

Joe Biden and Kamala Harris

बाइडेन ने एक के बाद कई कार्यकारी आदेशों पर हस्‍ताक्षर करके ट्रंप सरकार के कई फैसलों को पलट दिया है। इसी बीच बाइडेन ने भारत वासियों के लिए एक बहुत ही बड़ा फैसला लिया है। दरअसल बाइडेन ने प्रवासियों को राहत देने वाले एक कार्यकारी आदेश पर भी हस्‍ताक्षर किए हैं। जिसका फायदा 1.1 करोड़ प्रवासियों को मिलेगा। इसमें करीब लगभग पांच लाख भारतीय शामिल हैं।

Joe Biden

राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद जो बाइडन ने सबसे पहले आव्रजन प्रणाली को पूरी तरह से बदलने की शुरुआत की। उन्होंने अपने आदेशों के तहत कई ऐसे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए हैं जो ट्रंप की विवादास्पद आव्रजन नीतियों को बदलने वाले हैं। उन्होंने अमेरिकी कांग्रेस से अनुरोध किया है कि वे 1.1 करोड़ अवैध प्रवासियों को स्थायी दर्जा दें और उन्हें नागरिकता देने का रास्ता बनाने के लिए कानून बनाएं।

सत्ता संभालते ही राष्ट्रपति जो बाइडेन ने पलटे ट्रंप के कई बड़े फैसले

मीडिया से बात करते हुए बाइडेन ने बताया कि उनके लिए प्राथमिकताओं में कोविड-19 संकट, आर्थिक संकट और जलवायु संकट शामिल हैं। इसके बाद बाइडेन ने कार्यकारी आदेश के तहत सभी अमेरिकी नागरिकों के लिए कोरोना से बचने हेतु मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। उनके इस आदेश में पैरिस जलवायु समझौता भी शामिल है, जिसमें अमेरिका एक बार फिर शामिल हो गया है।

Joe Biden

इसके अलावा ट्रंप प्रशासन द्वारा जिन मुस्लिम देशों पर बैन लगाया गया था, उसे वापस लिया और विदेश मंत्रालय को जल्द ही वीजा प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दिया। इसके साथ ही कोरोना महामारी के दौरान ट्रंप ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) से भी दूरी बना ली थी। बाइडेन ने ट्रंप सरकार के इन फैसलों को खारिज कर दिया है।