newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Gold Prices: सोने की कीमत में ऐतिहासिक उछाल, 10 ग्राम के दाम 67000 रुपए के पार पहुंचे!

Gold Prices: सर्राफा बाजार के जानकारों के मुताबिक पिछले 18 दिन में सोने की कीमत में जमकर उछाल आया है। फरवरी के चौथे हफ्ते में 10 ग्राम सोने की कीमत 62000 रुपए थी। तबसे अभी तक सोने की कीमत में 5000 रुपए की बढ़ोतरी हो चुकी है। इसमें इस साल और बढ़ोतरी की उम्मीद बाजार के जानकार लगा रहे हैं।

मुंबई। सोना खरीदने को भला कौन तैयार नहीं रहता, लेकिन फिलहाल बाजार में सोने की कीमतें जिस तरह से ऊपर जा रही हैं, उससे तमाम लोगों की जेब पर जरूर बोझ पड़ने वाला है। सहालग के अलावा त्योहारी सीजन भी आने वाला है। ऐसे में सोने की कीमतों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी देखने को मिल रही हैं। सोने की कीमत ऐतिहासिक ऊंचाई पर है। सर्राफा बाजार में 10 ग्राम सोने की कीमत 67000 रुपए के पार जा पहुंची है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना 2172 डॉलर प्रति औंस पर बिक रहा है। यानी ये कीमत भी ऐतिहासिक है। इसी वजह से भारत के सर्राफा बाजार में भी तेजी दिख रही है। जानकारों के मुताबिक इस साल के अंत तक सोने के 10 ग्राम की कीमत 70000 रुपए को भी पार कर सकती है।

सर्राफा बाजार के जानकारों के मुताबिक पिछले 18 दिन में सोने की कीमत में जमकर उछाल आया है। फरवरी के चौथे हफ्ते में 10 ग्राम सोने की कीमत 62000 रुपए थी। तबसे अभी तक सोने की कीमत में 5000 रुपए की बढ़ोतरी हो चुकी है। दिल्ली में सोना 66410 रुपए प्रति 10 ग्राम है। वहीं, चेन्नई में सोने की कीमत 67000 प्रति 10 ग्राम के पार जा चुकी है। बताया जा रहा है कि दुनियाभर के सेंट्रल बैंक सोना खरीद रहे हैं। इस खरीदारी की वजह से मांग बढ़ी है और मांग बढ़ने के कारण सोने का भाव आसमान छू रहा है। घरेलू बाजार में सोने की कीमत में बढ़ोतरी की वजह सहालग और आने वाले त्योहार भी हैं।

यूक्रेन-रूस और हमास-इजरायल संघर्ष के कारण मुद्रा और शेयर बाजार की जो अंतरराष्ट्रीय हालत है, उसमें लोग सोना खरीदने पर ज्यादा जोर दे रहे हैं। खबर ये भी है कि अमेरिका का फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में कटौती कर सकता है। अगर ऐसा हुआ, तो डॉलर की कीमत गिरेगी और नतीजे में सोना और महंगा होगा। फिलहाल सोना इतना महंगा हो गया है कि उसे खरीदने में लोगों को निश्चित तौर पर पसीने जरूर छूट रहे होंगे।