newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

बीमा कंपनियों की पॉलिसी ऑनलाइन बेचने वाली कंपनी POLICY BAZAR लाने जा रही है IPO, 6000 करोड़ जुटाने का लक्ष्य

POLICY BAZAR: कंपनी में सॉफ्टबैंक, टेमासेक, टेनसेंट, टाइगर ग्लोबल और इन्फो एज जैसी कंपनियों ने निवेश किया हुआ है। पॉलिसी बाजार की वेबसाइट और एप से आप अलग-अलग कंपनियों की बीमा पॉलिसी के बारे में सारी जानकारी ले सकते हैं।

नई दिल्ली। बीमा कंपनियों की पॉलिसी ऑनलाइन उपलब्ध कराने वाली कंपनी पॉलिसी बाजार का आईपीओ आने वाला है। पॉलिसी बाजार और पैसा बाजार नाम की कंपनियों की मालिक पीबी फिनटेक ने इसके लिए बाजार नियामक सेबी को आवेदन किया है। पीबी फिनटेक का इरादा इस आईपीओ से 6000 करोड़ रुपए से ज्यादा जुटाने का है। पॉलिसी बाजार ने साल 2008 से कामकाज शुरू किया था। पीबी फिनटेक ने बीते दिनों लाइसेंस लेकर बीमा ब्रोकरिंग का काम शुरू किया है। उसने देश में 15 स्टोर भी खोले हैं। इन स्टोर्स की संख्या 100 तक करने की बात कंपनी ने कही है। अब तक पीबी फिनटेक का काम ऑनलाइन ही चलता रहा है। आईपीओ में 3750 करोड़ रुपए के इक्विटी शेयर होंगे। साथ ही कई शेयरधारक 2267 करोड़ के शेयर भी बेचने के लिए बाजार में लाएंगे। पॉलिसी बाजार के आईपीओ के लिए मॉर्गन स्टैनले, आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, कोटक महिंद्रा कैपिटल, एचडीएफसी बैंक, जेफ्रीज इंडिया, सिटी ग्रुप ग्लोबल मार्केट्स और आईआईएफएल लीड मैनेजर होंगी। पॉलिसी बाजार ने MSME और SME के अलावा नामचीन कॉरपोरेट ग्रुप्स के लिए नई स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी का भी एलान किया है।

कंपनी में सॉफ्टबैंक, टेमासेक, टेनसेंट, टाइगर ग्लोबल और इन्फो एज जैसी कंपनियों ने निवेश किया हुआ है। पॉलिसी बाजार की वेबसाइट और एप से आप अलग-अलग कंपनियों की बीमा पॉलिसी के बारे में सारी जानकारी ले सकते हैं। साथ ही आप एक ही पॉलिसी के लिए बेहतर से बेहतर प्रीमियम रेट्स भी हासिल कर सकते हैं।

इसके अलावा आप कंपनी की साइट से देख सकते हैं कि कौन सी पॉलिसी आपको सूट करती है। कंपनी की पॉलिसी ऑनलाइन लेने के अलावा आप पॉलिसी बाजार की साइट और एप से संबंधित बीमा कंपनी से संपर्क भी कर सकते हैं।