देश में एक दिन में आए कोरोना के 18 हजार से अधिक नए मामले, हुईं 418 मौतें

स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि, देश में कोरोना के सक्रिय मामले 2 लाख 15 हजार 125 है तो वहीं इससे मरने वालों की संख्या 16 हजार 893 पहुंच गई है।

Avatar Written by: June 30, 2020 10:22 am
Coronavirus

नई दिल्ली। देश में कोरोना ने अब रफ्तार पकड़ ली है, रोज लगभग 20 हजार के आसपास मामले सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि, पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 18 हजार 522 नए मामले सामने आए हैं और 418 मौतें हुई हैं। जिसके बाद से देश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 5 लाख 66 हजार 840 हो गई है।

corona india

स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि, देश में कोरोना के सक्रिय मामले 2 लाख 15 हजार 125 है तो वहीं इससे मरने वालों की संख्या 16 हजार 893 पहुंच गई है। हालांकि इस बीच राहत की खबर ये है कि देश में सक्रिय मामलों की संख्या से ज्यादा ठीक होने वालों की संख्या हो गई है। बता दें कि इस महामारी से देश में अबतक 3 लाख 34 हजार 822 लोग ठीक हो चुके हैं।

corona india

कोरोना से सबसे अधिक महाराष्ट्र प्रभावित है। यहां कुल मरीजों का आंकड़ा एक लाख 69 हजार 883 हो गया है। इसमें 7 हजार 610 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 89 हजार लोग ठीक हो चुके हैं। एक्टिव केस की संख्या 73 हजार 313 है। दिल्ली में कुल मरीजों का आंकड़ा 85 हजार से अधिक है, जिसमें 2680 लोगों की मौत हो चुकी है।

delhi corona

दिल्ली में कोरोना के हालात देखें तो यहां 56 हजार से अधिक मरीज ठीक हो चुके हैं। राज्य में एक्टिव केस की संख्या 26 हजार 246 है। वहीं, तमिलनाडु में कुल मरीजों की संख्या 86 हजार को पार कर गई है। यहां अब तक 1141 लोगों की मौत हो चुकी है और 47 हजार से अधिक मरीज ठीक हो चुके हैं। एक्टिव केस की संख्या 37 हजार से अधिक है।

Corona

उत्तर प्रदेश में कुल मरीजों की संख्या 22 हजार 828 हो गई है, जिसमें 672 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या 6650 है। गुजरात में कुल मरीजों का आंकड़ा करीब 32 हजार है, जिसमें 1827 लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस की संख्या 6871 है।