newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

देश में कोरोना का कोहराम, पिछले 24 घंटे में 18653 नए मामले सामने आए, 507 लोगों ने गवाई जान

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 18,653 नए मामले सामने आए हैं और 507 लोगों की मौत हुई है।

नई दिल्ली। देश में कोरोनावायरस संक्रमित मरीजों का आंकड़ा लगातार तेजी से बढ़ता जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 18,653 नए मामले सामने आए हैं और 507 लोगों की मौत हुई है। एक दिन में कोरोना से मरने वालों की यह सर्वाधिक संख्या है।

इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 5,85,493 हो गई है, जिनमें से 2,20,114 सक्रिय मामले हैं, 3,47,979 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 17,400 लोगों की मौत हो चुकी है।

वहीं भारतीय औद्योगिक अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने बताया है कि 30 जून तक 86,26,585 सैंपल्स का टेस्ट किया गया है, जिनमें 2,17,931 सैंपल्स को मंगलवार को टेस्ट किया गया।

महाराष्ट्र में 4878 नए मामले दर्ज किए गए हैं, यह देश का सबसे प्रभावित राज्य है। यहां संक्रमण के कुल 1,74,761 मामले हैं, जबकि 7855 लोगों की मौत हो चुकी हैं। इसके बाद तमिलनाडु का स्थान है, जहां कुल 90,167 मामले हैं, जिसमें से 1201 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 50074 लोग उबर चुके हैं। वहीं राज्य में अभी 38892 सक्रीय मामले हैं। दिल्ली में कुल 87,360 मामले हैं, जिनमें 2,742 मौतें शामिल हैं, वहीं अब तक 58,348 लोग ठीक हो चुके हैं।


वहीं 10,000 से अधिक मामलों वाले राज्यों में गुजरात में 32,557 मामलों और 1,846 मौतों के साथ चौथे स्थान पर है, इसके बाद उत्तर प्रदेश (23,492), राजस्थान (18,014), मध्य प्रदेश (13,593), पश्चिम बंगाल (18,559), हरियाणा (14,548), कर्नाटक (15,242), आंध्र प्रदेश, (14,595) और तेलंगाना (16,339) शामिल हैं।

देश में डायग्नोस्टिक लैब की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है। भारत में अब कोविड-19 को समर्पित 1,049 लैब हैं। इनमें 761 सरकारी लैब और 288 निजी लैब शामिल हैं।