newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Akhilesh Skips Congress Iftar: कांग्रेस के कार्यक्रमों से कन्नी क्यों काट रहे अखिलेश यादव?, होली मिलन के बाद सहयोगी दल की इफ्तार पार्टी में भी नहीं हुए शामिल

Akhilesh Skips Congress Iftar: अखिलेश यादव कांग्रेस के रोजा इफ्तार में शामिल नहीं हुए। वो एक दूसरे इफ्तार में गए। अखिलेश यादव जिस इफ्तार में शामिल हुए, उसमें मुस्लिम धर्मगुरु भी थे। कांग्रेस के रोजा इफ्तार में अखिलेश ने राजेंद्र चौधरी समेत सपा के कई नेताओं को भेजा जरूर था।

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस के बीच यूपी में सीटों के बंटवारे पर समझौता हुआ। फिर राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में भी अखिलेश यादव शामिल हुए। अब एक बार फिर अखिलेश यादव के कांग्रेस के प्रति व्यवहार को लेकर चर्चा हो रही है। इसकी वजह होली और रमजान का इफ्तार है। यूपी कांग्रेस ने पिछले दिनों होली मिलन समारोह किया। होली मिलन समारोह में हिस्सा लेने के लिए कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व ने अखिलेश यादव को न्योता भेजा, लेकिन वो इसमें शामिल नहीं हुए। अब कांग्रेस के रोजा इफ्तार से भी अखिलेश ने दूरी बना ली।

कांग्रेस दफ्तर न जाकर अखिलेश यादव एक दूसरी इफ्तार पार्टी में शामिल हुए।

कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व ने मंगलवार को पार्टी दफ्तर में रोजा इफ्तार रखा था। इसमें शामिल होने के लिए भी अखिलेश यादव को न्योता भेजा गया था, लेकिन अखिलेश यादव कांग्रेस के रोजा इफ्तार में शामिल नहीं हुए। वो एक दूसरे इफ्तार में गए। अखिलेश यादव जिस इफ्तार में शामिल हुए, उसमें मुस्लिम धर्मगुरु भी थे। कांग्रेस के रोजा इफ्तार में अखिलेश ने राजेंद्र चौधरी समेत सपा के कई नेताओं को भेजा जरूर था। ऐसे में चर्चा ये हो रही है कि अखिलेश आखिर कांग्रेस के कार्यक्रमों में शामिल होने से क्या कतरा रहे हैं? इस बारे में यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय का कहना है कि व्यस्तता के कारण समाजवादी पार्टी के नेता होली मिलन में नहीं आए थे। अब इफ्तार में आए हैं।

मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव के दौरान अखिलेश यादव और कांग्रेस के बीच ठन गई थी। अखिलेश यादव और कांग्रेस के नेताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ खूब बयानबाजी की थी। अखिलेश ने तो कांग्रेस पर भरोसेमंद न होने का आरोप भी लगा दिया था। बाद में प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के कारण दोनों के बीच मामला सुलझा और फिर यूपी में दोनों पार्टियों ने सीटों का बंटवारा किया। अखिलेश यादव ने कांग्रेस को 17 लोकसभा सीटें यूपी में दी हैं। बाकी सीटों पर वो समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी उतार रहे हैं।