newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Actor Sahil Khan Arrested: एक्टर से फिटनेस इन्फ्लूएंसर बने साहिल खान को मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार, महादेव बुक बेटिंग एप मामले में गए सलाखों के पीछे

Actor Sahil Khan Arrested: महादेव बुक बेटिंग एप वालों ने दुबई में एक पार्टी रखी थी। इसमें तमाम सेलेब्रिटीज शामिल हुए थे। इनमें साहिल खान भी थे। साहिल खान पर मुंबई पुलिस ने धोखाधड़ी और साजिश रचने के साथ ही आईटी एक्ट और जुआ एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया था।

मुंबई। एक्सक्यूज मी और स्टाइल फिल्मों में काम कर चुके एक्टर साहिल खान को मुंबी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साहिल खान के खिलाफ ये कार्रवाई 15000 करोड़ रुपए के महादेव बुक बेटिंग एप मामले में हुई है। महादेव बुक बेटिंग मामले में मुंबई पुलिस ने एसआईटी बनाई थी। उस एसआईटी ने साहिल खान से पूछताछ की थी। महादेव बेटिंग एप के जरिए धोखाधड़ी का केस पहले मुंबई के माटुंगा थाने में दर्ज हुआ था। इसकी जांच क्राइम ब्रांच की साइबर सेल को दी गई थी। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी बनाई गई। छत्तीसगढ़ से लाए गए साहिल खान ने मुंबई पहुंचने पर कहा कि उनको न्यायपालिका पर भरोसा है।

मुंबई पुलिस ने महादेव बुक बेटिंग एप मामले में इसको चलाने वाले सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, शुभम सोनी और यहां तक कि डॉन दाऊद इब्राहिम के भाई मुस्तकीम समेत कई लोगों पर केस दर्ज कर रखा है। महादेव बुक बेटिंग एप वालों ने दुबई में एक पार्टी रखी थी। इसमें तमाम सेलेब्रिटीज शामिल हुए थे। इनमें साहिल खान भी थे। साहिल खान पर मुंबई पुलिस ने धोखाधड़ी और साजिश रचने के साथ ही आईटी एक्ट और जुआ एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया था। साहिल खान ने फिल्मों में काम तो किया, लेकिन फिर फिल्में करनी छोड़ दीं। साहिल खान इसके बाद फिटनेस इन्फ्लूएंसर के तौर पर दिखने लगे। फिटनेस सप्लीमेंट बेचने वाली कंपनी डिवाइन न्यूट्रीशन भी साहिल खान ने बनाई हुई है।

महादेव बुक बेटिंग एप चलाने वाला सौरभ चंद्राकर।

साहिल खान ने एक्सक्यूज मी और स्टाइल के अलावा अलादीन और रामा, डबल क्रॉस, द सेवियर और डबल क्रॉस फिल्मों में भी काम किया। साहिल ने इसी साल फरवरी में दूसरी शादी की जानकारी दी थी। उनकी पत्नी का नाम मिलेना है। साहिल खान के मुताबिक मिलेना से उन्होंने रूस में सगाई की थी। साहिल खान के खिलाफ मुंबई पुलिस के एक्शन के बाद महादेव बुक बेटिंग एप मामले में और भी सेलेब्रिटीज पर एक्शन की संभावना दिख रही है। इस मामले में रणबीर कपूर का भी नाम आ चुका है। उनसे पूछताछ भी हो चुकी है।