मुंबई। बॉलीवुड के दिवगंत एक्टर सुशांत राजपूत (Sushant Singh Rajput) की संदिग्ध हालातों में हुई मौत की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं कि बिहार (Bihar) के एक और बॉलीवुड एक्टर की मुंबई में संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। मुंबई के अंधेरी इलाके में 26 साल के स्ट्रगलिंग एक्टर अक्षत उत्कर्ष चौधरी (Akshat Utkarsh Chaudhary) की कथित खुदकुशी का मामला सामने आया है। अक्षत ने रविवार रात अंधेरी के अपने फ्लैट में फांसी लगा ली।
अक्षत मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले थे। मुंबई पुलिस ने अक्षत के पोस्टमार्टम के बाद उनके शव को परिवार को सौंप दिया, जिसके बाद परिवार शव बिहार ले गया। इस मामले में परिवार ने मुंबई पुलिस पर जांच नहीं करने का आरोप लगाया है। साथ ही अक्षत की मौत को संदिग्ध बताया है।
स्नेहा चौहान के साथ लिव-इन में रहते थे अक्षत
अक्षत के चाचा विक्रम किशोर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि अक्षत के साथ एक दूसरी स्ट्रगलिंग एक्ट्रेस स्नेहा चौहान रहती थी। स्नेहा और अक्षत एक दूसरे के काफी के करीब थे।
आर्थिक स्थिति नहीं थी ठीक- मुंबई पुलिस
मुंबई पुलिस की मानें तो अक्षत की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। पुलिस ने बताया कि उन्होंने तौलिये से फांसी लगाई। अक्षत की मौत के बारे में उनकी गर्लफ्रेंड ने पुलिस को सूचना दी थी। उनके मुताबिक अक्षत मुंबई में प्राइवेट कंपनी में जॉब करने के साथ ही एक्टिंग भी कर रहे थे। अपकमिंग फिल्म ‘लिट्टी चोखा’ में उन्होंने रोल भी किया था।
अक्षत इंडस्ट्री में कर रहे थे स्ट्रगल
अक्षत ने लखनऊ से एमबीए की पढ़ाई की। जिसके बाद वो भोजपुरी फिल्मों में किस्मत आजमाने मुंबई आए थे। वो पिछले 2 सालों से मुंबई में थे और अंधेरी वेस्ट के सुरेश नगर स्थित किराए के फ्लैट में रहते थे। वो मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर इलाके के रहने वाले थे। उनके पिता का नाम राजू चौधरी है।