newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Prasoon Joshi: CBFC के अध्यक्ष प्रसून जोशी की मां का निधन, CM पुष्कर धामी ने जताया दुख

Prasoon Joshi: प्रसून जोशी की मां सुषमा जोशी एक राजनीतिक विज्ञान की प्रोफेसर थीं। सुषमा जोशी ने 30 सालों से भी अधिक समय तक ऑल इंडिया रेडियो में काम किया था। प्रसून जोशी के माता-पिता एक अच्छे और योग्य शास्त्रीय गायक थे।

नई दिल्ली। बीते दो साल बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए बहुत खराब साबित हुए हैं। इंडस्ट्री ने ऋषि कपूर, लता मंगेशकर जैसे कई रत्न कलाकारों को खोया है। इसी बीच एक और दुखद खबर सामने आई है। बॉलीवुड के मशहूर लेखक-गीतकार और सीबीएफसी (CBFC- Central Board of Film Certification) अध्यक्ष प्रसून जोशी की मां सुषमा जोशी का रविवार रात को गुरुग्राम में देहान्त हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, सुषमा जोशी को 23 अप्रैल, शनिवार को मेदांता हॉस्पिटल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। जहां डॉक्टर सुशीला कटारिया की देख-रेख में उनका इलाज चल रहा था। डॉक्टर सुशीला कटारिया के मुताबिक, लगभग 85 साल की सुषमा जोशी करीब एक महीने से घर के बिस्तर पर थीं और कई बीमारियों से ग्रसित थीं। सुषमा जोशी को मेदांता के आईसीयू (ICU) आठ के बेड  नंबर 176 पर रखा गया था। जहां, रविवार रात तीन बजे उन्होंने अपनी अंतिम सांसें लीं। निधन के बाद सुषमा के परिजन उन्हें दिल्ली स्थित आवास ले गए। उनकी मौत की खबर आते ही पूरे बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई। कई बॉलीवुड दिग्गज इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े नजर आए। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने भी ट्वीट के जरिए प्रसून जोशी की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया।

गौरतलब है कि प्रसून जोशी की मां सुषमा जोशी राजनीतिक विज्ञान की प्रसिद्ध प्रोफेसर थीं। सुषमा जोशी ने 30 सालों से भी अधिक समय तक ऑल इंडिया रेडियो में काम किया था। प्रसून जोशी के माता-पिता एक अच्छे और योग्य शास्त्रीय गायक थे। प्रसून जोशी की बात करें, तो वो एक प्रसिद्ध बॉलीवुड गीतकार और सीबीएफसी के अध्यक्ष हैं। प्रसून जोशी को उनके गीतों के लिए कई अवार्ड हासिल हुए हैं। उन्हें तीन बार साल 2007, 2008 और फिर 2014 में फिल्म ‘भाग मिल्खा भाग’ के लिए सर्वश्रेष्ठ गीतकार का फिल्मफेयर अवॉर्ड दिया गया था। इसके अलावा फिल्म ‘तारे जमीन पर’ (2007) और चटगांव (2013) में उनके काम के लिए उन्हें दो बार सर्वश्रेष्ठ गीत के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है।