newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Vinod Mehra Birthday Special: बॉलीवुड अभिनेता विनोद मेहरा का जन्मदिन आज, आइये जानते हैं उनकी जिंदगी से जुड़ी कुछ खास बातें

Vinod Mehra Birthday Special: 70-80 के दशक में बॉलीवुड पर छाए राजेंद्र कुमार, राजेश खन्ना, अमिताभ बच्चन, विनोद खन्ना के बीच जगह बना पाना इतना आसान नहीं था, लेकिन विनोद ने इन सब के बीच अपनी अलग पहचान बनाई, हर तरफ उनकी ही चर्चा होती थी।

नई दिल्ली। बॉलीवुड जगत के मशहूर दिवंगत अभिनेता विनोद मेहरा का आज यानी कि 13 फरवरी को जन्मदिन है। महज 45 साल की उम्र में ही दुनिया को अलविदा कहने वाले विनोद मेहरा का फिल्मी करियर बेहद ही छोटा लेकिन काफी खूबसूरत रहा, लेकिन इतने छोटे करियर में भी उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बना ली। अपनी शानदार अदाकारी से उन्होंने लोगों का दिल इस कदर जीता कि आज भी वो लोगों के दिल में बसते हैं। तो आइये आज उनके जन्मदिन के मौके पर उनकी जिंदगी से जुड़ी कुछ खास बातों के बारे में बात करते हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बतौर चाइल्ड एक्टर की थी। साल 1945 में पंजाब के अमृतसर में जन्मे विनोद मेहरा 30 अक्टूबर 1990 को महज 45 साल की उम्र में दुनिया को छोड़ गए थे।

vinod mehra1

70-80 के दशक में बॉलीवुड पर छाए राजेंद्र कुमार, राजेश खन्ना, अमिताभ बच्चन, विनोद खन्ना के बीच जगह बना पाना इतना आसान नहीं था, लेकिन विनोद ने इन सब के बीच अपनी अलग पहचान बनाई, हर तरफ उनकी ही चर्चा होती थी। एक ऐसा वक्त भी आया था कि जब उनकी अदाकारी से प्रभावित होकर हर निर्देशक उनके साथ काम करना चाहता था। प्रतिस्पर्धा की इस दौड़ में विनोद मेहरा, राजेश खन्‍ना के बाद दूसरे नंबर पर रहे थे। विनोद मेहरा ने सिरफिरा, इंसानियत, पत्थर के फूल, प्यासा सावन, नौकर बीबी का जैसी तमाम हिट फिल्मों में काम किया। इसके अलावा उन्होंने एक पंजाबी फिल्म मौजां डुबई दियाँ में भी काम किया था।

vinod mehra 2

अगर उनकी पर्सनल लाइफ के बारे में बात करें, तो वो भी काफी उतार-चढ़ाव से भरी रही है। उनकी पहली शादी उनकी मां की मर्जी से मीना ब्रोका से हुई थी, उसके बाद विनोद मेहरा की नजदीकियां उनकी सह कलाकार बिंदिया गोस्‍वामी से बढ़ने लगीं और दोनों ने शादी कर ली लेकिन ये शादी भी लंबे वक्‍त नहीं चल सकी। उसके बाद उनकी पत्‍नी किरण बनीं और उधर, बिंदिया ने निर्देशक जेपी दत्‍ता से शादी कर ली। अपने फिल्मी करियर में उन्होंने अभिनेत्री रेखा के साथ 10 फिल्में कीं, जिसके बाद दोनों में काफी नजदीकियां बढ़ गईं और वो रिलेशनशिप में आ गए। कहा जाता है, दोनों ने गुपचुप तरीके से कलकत्ता में शादी भी की थी।

vinod mehra 2

पत्रकार यासीर उस्‍मान की किताब ‘रेखाः द अनटोल्ड स्टोरी’ में एक घटना का जिक्र है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि शादी के बाद जब रेखा और विनोद मेहरा मुंबई पहुंचे, तो विनोद की मां गुस्से से लाल-पीली हो गईं और जब रेखा उनके पैर छूने के लिए झुकीं तो विनोद की मां ने पैर पीछे खींच लिए और रेखा को मारने के लिए चप्पल भी निकाल ली थी। हालांकि एक इंटरव्यू में रेखा ने विनोद मेहरा के साथ शादी की बात से इंकार किया था।विनोद मेहरा के एक बेटा और बेटी हैं, जो उनके निधन के दौरान काफी छोटे थे। बेटे का नाम रोहन मेहरा और बेटी का नाम सोनिया मेहरा है। दोनों ही एक्टिंग की दुनिया से जुड़े हैं। रोहन फिल्म बाजार से बॉलीवुड में लॉन्च हुए वहीं बेटी सोनिया मेहरा भी फिल्मों में अपनी किस्मत आजमा चुकी हैं, लेकिन वो कुछ खास नहीं कर सकीं, जिसके बाद वो एमटीवी वीजे बन गईं।