newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Russia-Ukraine War: 17 साल की भारतीय लड़की ने यूक्रेन छोड़ने से किया इनकार, पीछे की वजह रुला देगी आपको

Russia-Ukraine War: नेहा का कहना है कि वो ऐसी परिस्थितियों में यूक्रेन नहीं छोड़ सकती हैं जब तक युद्ध खत्म नहीं हो जाता, वो वापस भारत का रूख नहीं करेगी

नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच भीषण युद्ध जारी है। यूक्रेन लगातार रूस से लोहा लेकर मुकाबला कर रहा है। दोनों देशों के बीच चल रहे युद्ध से भारत भी सीधे तौर पर प्रभावित हो रहा है। पिछले तीन दिनों से भारत सरकार यूक्रेन में फंसे भारतीय को निकालने का काम कर रही है। अभी तक कई छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है हालांकि अभी भी वतन वापसी का काम जारी है। इसी बीच एक भारतीय छात्र ने यूक्रेन से भारत आने से मना कर दिया है। इनकार करने का कारण आपकी आंखों में आंसू और हौसले को मजबूत करने का काम करेगा।

kyiv 1

यूक्रेन में नेहा कर रहीं अपनी पढ़ाई

दरअसल Ukraine में मेडिकल की पढ़ाई कर रहीं हरियाणा की छात्र नेहा सांगवान (Neha Sangwan) ने वापस भारत लौटने से मना कर दिया है। नेहा का कहना है कि वो ऐसी परिस्थितियों में यूक्रेन नहीं छोड़ सकती हैं जब तक युद्ध खत्म नहीं हो जाता, वो वापस भारत का रूख नहीं करेगी। चाहें वो इस युद्ध में रहें या ना रहें। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो नेहा एक पेइंग गेस्ट के तौर पर एक फैमिली के साथ रहती है। फैमिली में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे रहते हैं। अब युद्ध को देखते हुए मकान मालिक ने अपनी मर्जी से सेना में शामिल होने का फैसला किया। जिसके बाद वो तीनों बच्चों और पत्नी को छोड़कर युद्ध के मैदान में उतर चुके हैं। अब नेहा का कहना है कि वो तीनों बच्चों को महिला को इस हालात में छोड़कर नहीं आ सकती है।नेहा अपने मकान मालिक की पत्नी और तीन बच्चों के साथ बंकर में रह रही हैं।

कारण जानकर आंखों में आ जाएंगे आंसू

मेडिकल स्टूडेंट नेहा की आंटी सविता जाखड़ ने फेसबुक पोस्ट के जरिए बताया कि भारतीय एंबेसी ने नेहा से कॉन्टेक्ट किया था लेकिन नेहा ने खुद ही वापस आने से इनकार कर दिया है। नेहा ने अपने घर फोन कर कहा कि वो किसी भी कीमत पर महिला और तीनों बच्चों को छोड़कर वापस नहीं आएगी। बता दें कि नेहा के पिता भी भारतीय आर्मी अफसर थे। फिलहाल नेहा की कहानी सुनकर सभी की आंखे नम हैं और सभी लोग नेहा की सलामती की दुआ मांग रहे हैं।