newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Man Beaten To Death In Punjab Sacrilege Case: पंजाब के फिरोजपुर में युवक की पीट-पीटकर हत्या, गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी का लगा आरोप

Man Beaten To Death In Punjab Sacrilege Case: बख्शीश सिंह के पिता लखविंदर सिंह ने बताया कि उनका बेटा मानसिक तौर पर बीमार था। लखविंदर सिंह ने बताया कि उसका इलाज चल रहा था। वहीं, अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह ने बेअदबी की घटना पर दुख जताया है।

फिरोजपुर। पंजाब के फिरोजपुर में गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के आरोप में बख्शीश सिंह नाम के युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बंडाला गांव स्थित गुरुद्वारा में पीट-पीटकर हत्या की ये घटना शनिवार को हुई। मृतक बख्शीश सिंह 19 साल का था। बख्शीश सिंह के पिता लखविंदर सिंह ने बताया कि उनका बेटा मानसिक तौर पर बीमार था। उसका इलाज चल रहा था। लखविंदर ने बेटे की हत्या के आरोपियों पर केस दर्ज करने की मांग की है। बेअदबी में हत्या की घटना की जानकारी मिलने पर फिरोजपुर की एसएसपी सौम्या मिश्रा और अन्य अफसर बंडाला गांव पहुंचे। वहीं, अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह ने बेअदबी की घटना पर दुख जताया है।

घटना के वीडियो से ये तस्वीर ली गई है।

फिरोजपुर पुलिस के अनुसार बख्शीश सिंह का परिवार तल्ली गुलाम गांव में रहता है। बख्शीश सिंह शनिवार को बंडाला गांव के गुरुद्वारा गया था। आरोप है कि वहां उसने पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब के कुछ पन्ने फाड़ दिए। इसे देखकर वहां मौजूद लोग गुस्से में आ गए। बताया जा रहा है कि गुरु ग्रंथ साहिब के पन्ने फाड़ने के बाद बख्शीश सिंह ने मौके से भागने की कोशिश की। इस बीच लोगों ने बख्शीश सिंह को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई करने लगे। इस पिटाई को बख्शीश सिंह सहन नहीं कर सका और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बख्शीश सिंह पर भी बेअदबी का केस दर्ज किया और अब पूरे मामले की छानबीन कर रही है। बता दें कि पंजाब में पहले भी पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के कई मामले हो चुके हैं। अमृतसर और कपूरथला में बेअदबी के आरोपियों की पिटाई से मौत हुई थी। इसके अलावा एक मामले में गुरुद्वारा परिसर में आरोपी की जमकर पिटाई भी हुई थी। पंजाब में लगातार होती बेअदबी के मामलों को कांग्रेस के नेता और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने भी एक समय जमकर उठाया था।