
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोनावायरस का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है हर रोज एक के बाद एक नए मामले सामने आ रहे हैं। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ब्लड प्लाजमा थेरेपी के भरोसे बैठे हुए हैं इस बीच दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आई है दरअसल कापसहेड़ा की ठेके वाली गली में स्थित एक इमारत में 41 लोग कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए हैं। एक साथ इतने लोगों के कोविड-19 पॉजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया है। साउथ-वेस्ट दिल्ली के डीएम ऑफिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल को यहां के एक व्यक्ति के पॉजिटिव मिलने पर यह इमारत सील कर दी गई थी।
बता दें डीसी ऑफिस के पास ठेके वाली गली है। यहां 18 अप्रैल को एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला। इसके बाद पूरी इमारत सील कर दी गई। गाइडलाइंस 3 से ज्यादा केसेज मिलने पर इलाका सील करने की हैं मगर आबादी देखते हुए एक केस के बाद ही प्रशासन ने इमारत सील करने का फैसला ले लिया।
यहां रहने वाले सभी लोगों का सैंपल लिया गया। जिन्हें जांच के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोलॉजिस्ट्स (NIB नोएडा) भेजा गया था। शनिवार को जब रिपोर्ट आई तो प्रशासन के होश उड़ गए। कुल 41 लोग पॉजिटिव मिले हैं।
शनिवार सुबह के आंकड़े बताते हैं कि राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना के कुल 3,738 मामले सामने आए हैं। यहां 61 लोगों की मौत कोविड-19 की वजह से हुई है। गौरतलब है कि दिल्ली के ज्यादातर इलाके रेड जोन में आते हैं। इसको देखते हुए दिल्ली हरियाणा बॉर्डर भी सील किए गए हैं।