
मुंबई। लोग तेजी से 2000 रुपए के नोट या तो बैंकों में जमा करा रहे हैं या उन्हें बदल रहे हैं। ये जानकारी रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने दी है। आरबीआई के मुताबिक एक महीने के भीतर ही 72 फीसदी 2000 के नोटों की वापसी हो चुकी है। 2000 रुपए के जो नोट वापस हुए हैं, उनका मूल्य लगभग 2.62 लाख करोड़ है। 2000 के नोटों को आरबीआई ने 19 मई को चलन से वापस लेने का एलान किया था। नोट बदलने या अपने खाते में जमा करने के लिए इस साल 30 सितंबर तक का वक्त दिया गया था। अब लग रहा है कि इस समयसीमा से पहले ही लोग 2000 के नोट वापस कर देंगे।
2000 रुपए के नोटों को आरबीआई ने साल 2016 में हुई नोटबंदी के बाद जारी किया था। तब पीएम नरेंद्र मोदी ने 1000 और 500 के नोटों को बंद करने का एलान किया था। हालांकि, मोदी उस वक्त 2000 रुपए के नोट लाए जाने के पक्ष में नहीं थे, लेकिन जनता के हाथ में तत्काल रकम पहुंचानी थी। इसी वजह से आरबीआई की सलाह पर 2000 रुपए के नोट छापने का फैसला हुआ था। आरबीआई के आंकड़ों का हवाला देते हुए मोदी सरकार ने संसद में बताया था कि साल 2017 से ही 2000 रुपए के नए नोट छापने बंद कर दिए गए हैं।
पिछले कुछ साल में 2000 रुपए के नोटों को भ्रष्टाचारियों के यहां छापों में भी बरामद किया गया था। इसके अलावा जाली 2000 के नोट भी बाजार में आने की शिकायत मिली थी। आरबीआई की तरफ से इसके बाद 2000 के नोटों में सुरक्षा के फीचर ज्यादा भी किए गए थे। आरबीआई की तरफ से ये भी बताया गया है कि 2000 रुपए के नोटों को चलन से बाहर करने के बाद फिलहाल 1000 रुपए के नए नोट लाने का कोई फैसला नहीं किया गया है। यानी अब चलन में 500 रुपए, 200 रुपए, 100 रुपए, 50 रुपए, 20 रुपए और 10 रुपए के ही नोट और सिक्के रहेंगे।