देश
Rahul Gandhi: राहुल गांधी को तगड़ा झटका, कोर्ट ने दिया कांग्रेस और भारत जोड़ो यात्रा के ट्विटर हैंडल को ब्लॉक करने का आदेश
Rahul Gandhi: बताया जा रहा है कि याचिकाकर्ता ने खुद सीडी के जरिए गानों का प्ले करके इस बात की पुष्टि कि है कि उनके ओरिजनल गानों को कुछ मामूली बदलावों के साथ कांग्रेस के भारत जोड़ो यात्रा के म्यूजिक में इस्तेमाल किया गया। म्यूजिक कंपनी का आरोप है कि कांग्रेस ने बिना अनुमति के उनके गानों का इस्तेमाल किया है।
नई दिल्ली। कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। बैंगलुरु कोर्ट ने कांग्रेस और भारत जोड़ो यात्रा के ट्विटर हैंडल को बंद करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने यह आदेश केजीएफ द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे के बाद दिया है। दरअसल, बीते दिनों एमआरटी म्यूजिक कंपनी ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा में मार्केटिंग वीडियो को उत्साहवर्धक बनाने के लिए उनके म्यूजिक का बिना इजाजत के इस्तेमाल किया था।
बता दें कि एमआरटी म्यूजिक कंपनी ने राहुल गांधी सहित अन्य कांग्रेस नेताओं पर कॉपीराइट एक्ट के उल्लंघन का मामला दर्ज कराया था। कंपनी का आरोप है कि भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस ने बिना उनकी इजाजत के म्यूजिक का इस्तेमाल किया। कंपनी ने यह भी कहा था कि अगर समय रहते कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में उनका मनोबल बढ़ेगा। कंपनी का दावा है कि उनके पास 2000 से भी अधिक गानों का कॉपीराइट मौजूद है।
बताया जा रहा है कि याचिकाकर्ता ने खुद सीडी के जरिए गानों को प्ले करके इस बात की पुष्टि कि है कि उनके ओरिजनल गानों को कुछ मामूली बदलावों के साथ कांग्रेस के भारत जोड़ो यात्रा के म्यूजिक में इस्तेमाल किया गया। म्यूजिक कंपनी का आरोप है कि कांग्रेस ने बिना अनुमति के उनके गानों का इस्तेमाल किया है।
बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं, जिसमें देशभर के कांग्रेसी नेता शामिल हो रहे हैं। राहुल गांधी अभी तक इस यात्रा के तहत विभिन्न राज्यों का दौरा कर चुके हैं। इस दौरान वह केंद्र की मोदी सरकार पर विभिन्न मसलों का सहारा लेकर हमला बोल रहे हैं।