
नई दिल्ली। अरविंद केजरीवाल और उनकी आम आदमी पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव में हारकर सत्ता गंवा चुके हैं। इसके बाद अब अरविंद केजरीवाल लगातार बैठक कर रहे हैं। पहले उन्होंने दिल्ली में विधानसभा चुनाव जीते आम आदमी पार्टी के विधायकों संग बैठक की। बाद में अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के हारने वाले प्रत्याशियों के साथ भी बैठक की। अरविंद केजरीवाल अब पंजाब से आम आदमी पार्टी के विधायकों और सांसदों के साथ बैठक करने वाले हैं। पंजाब के सीएम भगवंत मान भी इस बैठक में शामिल होंगे। पंजाब के सीएम भगवंत मान समेत आम आदमी पार्टी के नेताओं की बैठक में अरविंद केजरीवाल दिल्ली विधानसभा चुनाव में हुई हार पर चर्चा करने वाले हैं।
वहीं, बीजेपी और कांग्रेस का दावा है कि अरविंद केजरीवाल अब पंजाब में भगवंत मान को पद से हटाकर खुद सीएम बनने की तैयारी कर रहे हैं। चर्चा इसकी भी है कि अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी के किसी सांसद से इस्तीफा दिलवाकर राज्यसभा भी जा सकते हैं। पंजाब विधानसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस के प्रताप सिंह बाजवा ने कहा है कि राज्य में आम आदमी पार्टी के 30 विधायक उनकी पार्टी से संपर्क में हैं। वहीं, बीजेपी नेता तरुण चुघ और मनजिंदर सिंह सिरसा का दावा है कि पंजाब के सीएम पद से भगवंत मान को हटाएंगे और खुद ये पद संभालेंगे। इस बीच, इन खबरों से अटकलों ने जोर पकड़ा है कि पंजाब में 5 महीने से कैबिनेट की बैठक नहीं हुई है। सोमवार को बजट सत्र के लिए कैबिनेट की बैठक होनी थी, लेकिन इसे भी टाल दिया गया। चर्चा इसकी भी चल रही है कि भगवंत मान अपनी कुर्सी बचाने के लिए पंजाब में आम आदमी पार्टी के विधायकों की टूट कराएंगे और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बगावत कर सकते हैं।
दरअसल, दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के सिर्फ 22 विधायक चुने गए। जबकि, बीजेपी के 48 विधायकों ने जीत दर्ज की। ऐसे में अब अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी की सिर्फ पंजाब में ही सरकार रह गई है। अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने साल 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में 62 सीट पर जीत हासिल की थी। जबकि, 2015 में आम आदमी पार्टी ने 67 सीट हासिल कर जबरदस्त प्रदर्शन किया था।