
नई दिल्ली। देश इस समय कोरोना (Coronavirus) का कहर झेल रहा है। इस बीच एक नया खतरा देश पर मंडरा रहा है। कई राज्यों में बर्ड फ्लू (Bird Flu) की पुष्टि हुई है। जिनमें नया नाम दिल्ली और मुंबई का सामने आया है। इसी के साथ अभी तक कुल 8 राज्यों में बर्ड फ्लू पाया गया है। इससे पहले उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और केरल में बर्ड फ्लू के मामले सामने आ चुके हैं।
दिल्ली में बर्ड फ्लू की दस्तक
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में संजय झील की बतख और मयूर विहार के पार्क के कौवों में बर्ड फ्लू पाया गया है। जिसके बाद दिल्ली से जालंधर भेजे गए आठ सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं।
Bird flu confirmed in Delhi after testing eight samples from dead crows and ducks. All the samples tested positive for avian flu: Animal Husbandry Department, Delhi
— ANI (@ANI) January 11, 2021
मुंबई के कई जिलों में बर्ड फ्लू की पुष्टि
आईसीएआर-एनआईएचएसएडी की परीक्षण रिपोर्ट से पुष्टि होती है कि मुंबई, ठाणे, परभणी, बीड, और रत्नागिरी के दापोली में पक्षियों की मौत बर्ड फ्लू के कारण हुई है। पशुपालन सचिव अनूपकुमार का कहना है कि कलेक्टरों को सतर्कता बढ़ाने के लिए कहा गया है।
कानपुर चिड़ियाघर में पक्षियों को मारने का आदेश
इसके अलावा कानपुर में प्रशासन ने बाड़े के पक्षियों को मारने के भी आदेश दिए हैं। बता दें कि इस चिड़ियाघर में 2 दिनों के अंदर 10 पक्षियों की मौत हो गई, जिनमें से 4 पक्षियों के सैंपल जांच के लिए लेब भेजे गए और चारों पक्षियों में बर्ड फ्लू के वायरस मिले।
लखनऊ चिड़ियाघर में भी अलर्ट
वहीं, कानपुर चिड़ियाघर में पक्षियों में बर्ड फ्लू का वायरस के बाद लखनऊ चिड़ियाघर में भी प्रशासन अलर्ट पर है। वहां भी पक्षियों में बर्ड फ्लू का वायरस पाया गया है। जिसके बाद चिड़ियाघर का बर्ड सेक्शन बंद कर दिया गया है। साथ ही बर्ड हाउस में लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
MP के 9 जिलों में बर्ड फ्लू
मध्य प्रदेश में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि हहो गई है। जिसके साथ ही राज्य के 9 जिलों में बर्ड फ्लू वायरस कन्फर्म हुआ है। इनमें इंदौर, मंदसौर, आगर-मालवा, नीमच, देवास, उज्जैन, खांडवा, खरगौन और गुना जिले शामिल हैं।
राजस्थान में आया था पहला मामला
बर्ड फ्लू और पक्षियों की मौत का पहला मामला राजस्थान में आया था। 25 दिसंबर को पहली बार राजस्थान के झालावाड़ से आई थी। राज्य के 11 जिलों में बर्ड फ्लू वायरस कन्फर्म हुआ है। इनमें सवाई माधोपुर, पाली, दौसा और जैसलमेर भी शामिल है।
हिमाचल में अंडे, मांस, चिकन आदि पर प्रतिबंध
वहीं, हिमाचल प्रदेश में भी बर्ड फ्लू के मामले सामने आए हैं। राज्य की पोंग बांध झील इलाके में कुछ प्रवासी पक्षी मृत पाए गए हैं। इन मृत पक्षियों के नमूनों की जांच की गई, जिसमें में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। इसको देखते हुए कांगड़ा के प्रशासन ने कड़े फैसला लेते हुए मुर्गी, बत्तख, हर प्रजाति की मछली और उससे संबंधित उत्पादों पर प्रतिबंध लगा दिया है। जिनमें अंडे, मांस, चिकन आदि शामिल हैं।
केरल में घरेलू पक्षी मारने का आदेश
इसके अलावा, केरल में भी बर्ड फ्लू के मामले सामने आए हैं। कोट्टायम और अलप्पुझा जिलों के कुछ हिस्सों में ये बीमारी सामने आई है। जिसके चलते वहां भी प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। जिसके मुताबिक प्रभावित क्षेत्रों में और उसके आसपास के एक किलोमीटर के दायरे में घरेलू पक्षियों को मारने का आदेश दिया है। जिनमें बत्तख, मुर्गियों और अन्य घरेलू पक्षी शामिल हैं। इस फैसले के मुताबिक, H5n8 वायरस के प्रसार को रोकने के लिए करीब 40,000 पक्षियों को मारना पड़ेगा।