newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Somnath Bharti Against Alliance With Congress: कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के बाद अब हरियाणा में चुनावी गठबंधन के खिलाफ आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती; राहुल गांधी, प्रियंका और खरगे पर लगाया गंभीर आरोप

Somnath Bharti Against Alliance With Congress: एक तरफ कांग्रेस और आम आदमी पार्टी हरियाणा विधानसभा चुनाव में गठबंधन की कोशिश में जुटे हैं। वहीं, दोनों ही पार्टियों में गठबंधन के खिलाफ बड़े नेताओं ने आवाज उठाई है। विरोध की ये आवाज कांग्रेस के रणदीप सुरजेवाला के बाद सोमनाथ भारती की तरफ से आई है।

नई दिल्ली। एक तरफ कांग्रेस और आम आदमी पार्टी हरियाणा विधानसभा चुनाव में गठबंधन की कोशिश में जुटे हैं। वहीं, दोनों ही पार्टियों में गठबंधन के खिलाफ बड़े नेताओं ने आवाज उठाई है। आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से गठबंधन को बेमेल बताया है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन के खिलाफ सोमनाथ भारती ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी को हराने के लिए कांग्रेस और बीजेपी चुपके से मिलकर काम करते हैं। सोमनाथ भारती ने ये भी आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता अजय माकन की साजिश से कथित शराब घोटाला में अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के नेता जेल गए।

सोमनाथ भारती ने ये आरोप भी लगाया कि बीते लोकसभा चुनाव के दौरान दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत किसी भी नेता ने आम आदमी पार्टी के लिए प्रचार नहीं किया। जबकि, अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के तीनों उम्मीदवारों के लिए रोड शो किया था। सोमनाथ भारती ने कहा कि उनको भी कांग्रेस के किसी नेता से लोकसभा चुनाव में कोई मदद नहीं मिली। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को हरियाणा और दिल्ली की सभी विधानसभा सीटों पर अकेले ही चुनाव लड़ना चाहिए और ये भी देखना चाहिए कि कांग्रेस से गठबंधन कर दिल्ली में क्या हासिल हुआ।

कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने भी हरियाणा में आम आदमी पार्टी से गठबंधन का विरोध किया है।

इससे पहले कांग्रेस के बड़े नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी हरियाणा विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी से गठबंधन का विरोध किया था। सुरजेवाला ने कहा था कि हरियाणा में आम आदमी पार्टी की जरूरत कांग्रेस को नहीं है। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस अकेले ही हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ने में सक्षम है। सुरजेवाला ने कहा था कि कांग्रेस नेतृत्व का आम आदमी पार्टी से गठबंधन पर अलग नजरिया है। बता दें कि राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं से कहा था कि वे हरियाणा विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी से गठबंधन की कोशिश करें। इसके बाद कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है। हालांकि, अब तक कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में गठबंधन नहीं हुआ है। वैसे कांग्रेस के हरियाणा प्रभारी दीपक बाबरिया ने उम्मीद जताई है कि मंगलवार तक गठबंधन हो जाएगा।