newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Vaishno Devi Stampede: भक्तों में विवाद के बाद मची वैष्णो देवी में भगदड़, PM मोदी और LG ने किया मदद का एलान

पीएम नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया कि माता वैष्णो देवी के दरबार के करीब हादसे से मैं दुखी हूं। मैं घटना में मृत लोगों के परिजनों से संवेदना जताता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना है।

जम्मू/नई दिल्ली। माता वैष्णो देवी के दरबार के रास्ते में बीती देर रात मची भगदड़ में अब तक 12 भक्तों की जान जाने और 13 के घायल होने की खबर है। जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह के मुताबिक घायलों को नारायणा हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है। मृतकों का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उनके परिजनों को शव सौंपे जाएंगे। दिलबाग सिंह के मुताबिक रात करीब पौने 3 बजे ये हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक माता के दरबार की ओर जा रहे भक्तों के बीच कुछ विवाद हो गया। इसके बाद वहां भगदड़ मच गई। लोग एक दूसरे पर गिरने लगे। जिसकी वजह से हादसा हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

इस बीच, पीएम नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया कि माता वैष्णो देवी के दरबार के करीब हादसे से मैं दुखी हूं। मैं घटना में मृत लोगों के परिजनों से संवेदना जताता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना है। जम्मू-कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा जी, मेरी सरकार में मंत्री जितेंद्र सिंह और नित्यानंद राय जी से बात कर हालात का जायजा लिया है। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि देने का भी एलान किया है।

वहीं, जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख और घायलों को 2-2 लाख देने का एलान किया है। भगदड़ में घायलों का इलाज माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ही कराएगा। मामले की जांच के लिए उन्होंने कमेटी भी बनाई है।

बता दें कि माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए साल के पहले दिन यहां भक्तों की काफी भीड़ आई है। रात से ही लोग मंदिर के रास्ते से जा रहे थे। हादसे के बाद फिलहाल यात्रा कुछ देर रोकनी पड़ी। अभी यात्रा जारी है। इस साल कोरोना के बाद भी हजारों लोग कटरा पहुंचे हैं। आने वाले दिनों में यहां भक्तों की तादाद और बढ़ने के आसार हैं। सूत्रों के मुताबिक बीती रात के भगदड़ और हादसे को देखते हुए यहां नई व्यवस्था भी लागू की जा सकती है। ताकि एक वक्त में ज्यादा भक्त माता के दरबार तक न जाएं और ऐसी स्थिति दोबारा न बने।