newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

BJP Sadasyata Abhiyan 2024 : बीजेपी के सदस्यता अभियान के शुभारम्भ मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी ने जनसंघ के दिनों को किया याद

BJP Sadasyata Abhiyan 2024 : मोदी बोले, हमारे कार्यकर्ताओं के लिए कहा जाता था कि एक पैर रेल में और एक पैर जेल में। हम वो लोग हैं जिन्होंने दीवारों पर कमल पेंट किया लेकिन इतनी श्रद्धा से पेंट किया कि विश्वास था, ये दीवारों पर पेंट किया हुआ कमल कभी न कभी दिलों पर भी पेंट हो जाएगा।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बीजेपी के सदस्यता अभियान 2024 का शुभारंभ करते हुए जनसंघ के समय के पुराने दिनों को याद किया। पीएम मोदी ने कहा, हम वो लोग हैं जिन्होंने दीवारों पर कमल पेंट किया लेकिन इतनी श्रद्धा से पेंट किया कि विश्वास था, ये दीवारों पर पेंट किया हुआ कमल कभी न कभी दिलों पर भी पेंट हो जाएगा। पीएम ने कहा कि जनसंघ के जमाने में जब हम राजनीति में नहीं थे तब दीवारों पर जनसंघ के निशान दीपक को पेंट किया करते थे। तब राजनीतिक दलों के लोग मजाक उड़ाते हुए कहते थे कि दीवारों पर दीपक पेंट करने से सत्ता के गलियारों तक नहीं पहुंचा जा सकता है।

पीएम ने लगभग 50 साल पुरानी एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जनसंघ के लोग अहमदाबाद में सत्याग्रह कर रहे थे और एक कार्यकर्ता बहन एक हमारी कार्यकर्ता बहन जो जेल गई थी, उसकी गोद में 9 महीने का बच्चा था। वह एक महीना जेल में गुजार कर बाहर आई थी। ऐसे ज़ुल्म सह कर यह पार्टी यहां पहुंची है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों ने हमेशा हमारा मजाक उड़ाया है। जब संसद में हमारे केवल दो सदस्य थे, तब भी हमारे लिए बहुत ही भद्दा उपहास किया गया था। कुछ लोगों का चरित्र ही ऐसा होता है और उनको लगता है कि ऐसा करने से वो बड़े बन जाते हैं। ऐसी आलोचनाओं को झेलते हुए, जनसामान्य के कल्याण के लिए समर्पित होकर, नेशन फर्स्ट की भावना को जीते हुए हम चलते रहे और पंडित दीन दयाल उपाध्याय ने हमें मंत्र दिया था ‘चरैवेति, चरैवेति, चरैवेति’- आगे बढ़ते रहो-ने हमारा मार्गदर्शन किया है। हमारे कार्यकर्ताओं के लिए कहा जाता था कि एक पैर रेल में और एक पैर जेल में।

मोदी ने कहा कि आज हमारे सदस्यता अभियान के एक और चरण की शुरुआत हुई है। भारतीय जनसंघ के दिनों से लेकर अब तक, हमने देश में एक नई राजनीतिक संस्कृति लाने के लिए हर संभव प्रयास किया है। यदि कोई संगठन या राजनीतिक दल जिसके माध्यम से लोग सत्ता प्रदान करते हैं, लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन नहीं करता है और आंतरिक लोकतंत्र को विकसित नहीं करता है, तो यह उन मुद्दों को जन्म देता है जो हम आज कई पार्टियों में देखते हैं। जैसा कि अमित शाह ने कहा, हमारी पार्टी भारत में एकमात्र ऐसी पार्टी है जो अपने संविधान के अनुसार अपने काम का विस्तार करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन करती है और लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करती है।