newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Swami Prasad Maurya: स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ सपा में ही आवाजें हुईं तेज, पार्टी के मुख्य सचेतक मनोज पांडे बोले- मानसिक संतुलन ठीक नहीं सो दे रहे ऐसे बयान

Swami Prasad Maurya: बीते दिनों सपा के प्रवक्ता आईपी सिंह ने स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ एक्स पर पोस्ट भी लिखी थी। अब विधानसभा में सपा के मुख्य सचेतक मनोज पांडे ने भी स्वामी प्रसाद मौर्य पर निशाना साधा है।

लखनऊ। स्वामी प्रसाद मौर्य बीजेपी का दामन छोड़कर 2022 में समाजवादी पार्टी में चले गए थे। सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्वामी प्रसाद मौर्य को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव भी बना दिया। इसके बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने लगातार रामचरितमानस और हिंदू धर्म के खिलाफ विवादित बयान देने शुरू किए और लगातार देते रहे हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य के इसी तौर तरीके पर अब समाजवादी पार्टी में भी आवाज उठने लगी है। बीते दिनों सपा के प्रवक्ता आईपी सिंह ने स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ एक्स पर पोस्ट भी लिखी थी। अब विधानसभा में सपा के मुख्य सचेतक मनोज पांडे ने भी स्वामी प्रसाद मौर्य पर निशाना साधा है। सपा नेता मनोज पांडे ने कहा है कि स्वामी प्रसाद मौर्य का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। मनोज पांडे ने कहा कि जिसका मानसिक संतुलन ठीक न हो, वो ऐसे ही बयान देता रहता है। लगातार सपा में ही विरोध में आवाजें उठने की वजह से अब स्वामी प्रसाद मौर्य के लिए पार्टी में दिक्कत पैदा होने के आसार हैं।

स्वामी प्रसाद मौर्य का ताजा बयान भी सुन लीजिए। जो उन्होंने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर दिया है।

पिछले दिनों खबर आई थी कि सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात के दौरान पार्टी के तमाम अगड़ी जाति के नेताओं ने स्वामी प्रसाद मौर्य की शिकायत की थी। सूत्रों के हवाले से पता चला था कि अखिलेश यादव ने इन नेताओं से कहा था कि वो स्वामी प्रसाद मौर्य को विवादित बयान नहीं देने के लिए कहेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और स्वामी प्रसाद ने बीते दिनों भी हिंदू धर्म के बारे में विवादित टिप्पणी की थी। स्वामी प्रसाद मौर्य के रामचरितमानस के बारे में विवादित बयान देने पर लखनऊ में एक संगठन ने इस धार्मिक ग्रंथ को भी जलाया था। उसमें 5 लोग गिरफ्तार हुए थे। स्वामी प्रसाद के खिलाफ भी शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया था।

sanghamitra maurya and swami prasad maurya
स्वामी प्रसाद की बेटी संघमित्रा मौर्य बदायूं से बीजेपी की सांसद हैं।

स्वामी प्रसाद मौर्य खुद तो सपा में हैं और हिंदू धर्म और धार्मिक ग्रंथों के बारे में अनाप-शनाप बयान देते हैं। वहीं, उनकी बेटी संघमित्रा मौर्य बदायूं से बीजेपी की सांसद हैं। संघमित्रा ने अब तक अपने पिता के बयानों पर कोई तीखी प्रतिक्रिया भी नहीं दी है। हालांकि, उन्होंने अपने पिता से दूरी भी बना रखी है। अब फिर लोकसभा चुनाव आ रहे हैं। ऐसे में देखना है कि बीजेपी एक बार फिर संघमित्रा को टिकट देती है या अपने पिता के अनाप-शनाप बयानों का खामियाजा उनको भुगतना पड़ता है।