newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Digvijay Singh: फिर विवाद में घिर सकते हैं कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, अब जिन्ना को बताया साहब; ओसामा बिन लादेन को ‘जी’ कहा था

Digvijay Singh: दिग्विजय ने कहा कि जिन्ना साहब ने अंग्रेजों के खिलाफ कभी आंदोलन नहीं किया। न ही जमात-ए-इस्लामी ने ऐसा आंदोलन किया। उन्होंने कहा कि जमीयत-ए-उलेमा ने अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन किया था और उसमें मदनी साहब जेल भी गए थे। इसके बाद ही उन्होंने जिन्ना को साहब कह दिया।

गुना। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का ताजा बयान विवाद पैदा कर सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दिग्विजय सिंह ने मध्यप्रदेश के गुना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग के दौरान देश का विभाजन कर पाकिस्तान बनाने वाले मोहम्मद अली जिन्ना को साहब कहा है। दरअसल, दिग्विजय सिंह अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग में ब्रिटिश शासन के बारे में बता रहे थे। खबर के मुताबिक दिग्विजय सिंह ने कहा कि उस वक्त हिंदू और मुस्लिमों के बीच कोई भेदभाव नहीं था। अंग्रेजों ने फूट डालो और राज करो की नीति अपनाई। दिग्विजय सिंह ने कहा कि भगत सिंह और अशफाक उल्लाह खान को साथ ही फांसी दी गई थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके बाद ही दिग्विजय सिंह ने कहा कि अंग्रेजों ने हिंदू और मुस्लिम के बीच दरार पैदा की। मुस्लिम लीग, जमात-ए-इस्लामी और हिंदू महासभा का गठन हुआ कि सभी आपस में लड़ते रहें। फिर दिग्विजय ने कहा कि जिन्ना साहब ने अंग्रेजों के खिलाफ कभी आंदोलन नहीं किया। न ही जमात-ए-इस्लामी ने ऐसा आंदोलन किया। उन्होंने कहा कि जमीयत-ए-उलेमा ने अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन किया था और उसमें मदनी साहब जेल भी गए थे। दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में ये भी कहा कि आरएसएस को वो कभी घास नहीं डालते। कांग्रेस नेता ने कहा कि 10 साल तक मध्यप्रदेश के सीएम रहे, लेकिन उस दौरान आरएसएस और बीजेपी के लोगों को परेशान भी नहीं किया।

बता दें कि दिग्विजय सिंह पहले भी अपने कई बयानों की वजह से विवाद में घिरे थे। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय आतंकी ओसामा बिन लादेन को ओसामा जी कह दिया था। बाद में उन्होंने सफाई दी थी कि तंज कसते हुए उन्होंने ओसामा बिन लादेन को जी कहा। कांग्रेस की सांसद रहीं मीनाक्षी नटराजन को सौ टंच माल कहकर भी दिग्विजय सिंह विवाद में घिरे थे। अब जिन्ना को साहब बताने से भी उनके खिलाफ विरोधियों की आवाज बुलंद हो सकती है।