newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Donate For Desh Of Congress: कांग्रेस ने पैसा जुटाने के लिए आज से शुरू किया ‘डोनेट फॉर देश’ क्राउडफंडिंग अभियान, बीजेपी बोली- पहले देश को लूटा और अब…

कांग्रेस ने तय किया है कि अपनी स्थापना के 138 साल होने के कारण कम से कम 138 रुपए का दान जनता से लिया जाएगा। इसके आगे कांग्रेस 1380 और 13800 रुपए और ऐसे ही गुणांक में धन लेगी। कांग्रेस की इस क्राउडफंडिंग अभियान की शुरुआत पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने की है।

नई दिल्ली। कांग्रेस ने आज से ‘डोनेट फॉर देश’ यानी देश के लिए दान दो के नाम से पार्टी के लिए क्राउडफंडिंग की शुरुआत की है। इस क्राउडफंडिंग के जरिए कांग्रेस अपने लिए जनता से पैसा लेगी। कांग्रेस ने तय किया है कि अपनी स्थापना के 138 साल होने के कारण कम से कम 138 रुपए का दान जनता से लिया जाएगा। इसके आगे कांग्रेस 1380 और 13800 रुपए और ऐसे ही गुणांक में धन लेगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज पार्टी के लिए इस क्राउडफंडिंग की शुरुआत की। मल्लिकार्जुन खरगे ने इस मौके पर कहा कि कांग्रेस आम लोगों से डोनेट फॉर देश के लिए दान लेना चाहती है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों से कांग्रेस को पहले भी समर्थन मिलता रहा है।

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि वो बड़े लोगों और उद्योगपतियों से कांग्रेस के लिए दान नहीं चाहते। इसकी वजह ये बताई कि अगर बड़े लोगों से दान लेंगे, तो उनकी नीतियों पर चलना पड़ेगा। मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस की इस योजना को पहली बार किया हुआ बताया, लेकिन बाद में ये भी कहा कि महात्मा गांधी ने भी जनता से धन लेकर अंग्रेजों के खिलाफ आजादी की जंग लड़ी थी। कांग्रेस ने डोनेट फॉर देश अभियान के जरिए धन जुटाकर देश की तरक्की में लगाने की बात कही है। उसने इसमें दान के लिए अपने पार्टी पदाधिकारियों और समर्थकों से भी कहा है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे पार्टी समर्थकों के घर जाएं और उनके डोनेट फॉर देश के लिए कम से कम 138 रुपए का दान लें। खास बात ये है कि पहले कई बार खबरें आ चुकी हैं कि कांग्रेस के खजाने में काफी कम धन बचा है।

कांग्रेस ने दो दिन पहले डोनेट फॉर देश योजना शुरू करने का एलान किया था। इसके बाद ही बीजेपी ने उस पर तगड़ा निशाना साधा। बीजेपी के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक वीडियो जारी कर तंज कसते हुए कहा था कि कांग्रेस ने पहले देश को लूटा और अब डोनेट फॉर देश योजना लाई है। बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने किस तरह कांग्रेस को घेरा था, सुनिए।