नई दिल्ली।राजस्थान के कोटा में मासूमों की मौत की बढ़ती संख्या ने कांग्रेस आलाकमान के होश फाख्ता कर दिए हैं।राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के रवैये ने भी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को सोचने पर मजबूर कर दिया है। अब कांग्रेस ने इस मुद्दे पर वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुला ली है।
कोटा की घटना पर बुलाई इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को इस मामले की पूरी जानकारी दी जाएगी। साथ ही इस मामले से निपटने में हुई ढिलाई पर भी बात की जाएगी। इस बीच सोनिया गांधी ने अशोक गहलोत से पूरी जानकारी माँगी है। उन्होंने निर्देश दिया है कि पीड़ित परिवारों की हर सम्भव मदद की जाए। सोनिया ने राजस्थान के प्रभारी अविनाश पांडे को भी तलब किया है।
कोटा में हो रही मासूमों की मौत का आंकड़ा 104 पार पहुंच गया है। इसके बावजूद अभी तक वहां राज्य के मुख्यमंत्री ने दौरा नहीं किया है। आज उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के दौरे की संभावनाएं हैं। इस बीच अशोक गहलोत के संवेदनहीन बयान ने कांग्रेस का संकट और बढ़ा दिया। उनके इस बयान के बाद कि बच्चे तो मरते रहते हैं, देश में सियासी तूफान खड़ा हो गया।