newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

राम मंदिर के निर्माण की ये प्रक्रिया, राष्ट्र को जोड़ने का उपक्रम है : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज श्रीराम का यह जयघोष सिर्फ सिया-राम की धरती में ही नहीं सुनाई दे रहा, इसकी गूंज पूरे विश्व में है। सभी देशवासियों को, विश्व में फैले करोड़ों राम भक्तों को आज के इस सुअवसर पर कोटि-कोटि बधाई।

अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि राममंदिर के निर्माण की ये प्रक्रिया, राष्ट्र को जोडने का उपक्रम है। आज का ये दिन करोड़ों रामभक्तों के संकल्प की सत्यता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि आज का ये दिन सत्य, अहिंसा, आस्था और बलिदान को न्यायप्रिय भारत की एक अनुपम भेंट है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राम सबके हैं, सबमें राम हैं। प्रधानंत्री मोदी ने कहा, भगवान राम की अद्भुत शक्ति देखिए। इमारतें नष्ट कर दी गईं, अस्तित्व मिटाने का प्रयास भी बहुत हुआ, लेकिन राम आज भी हमारे मन में बसे हैं, हमारी संस्कृति का आधार हैं। श्रीराम भारत की मयार्दा हैं, श्रीराम मयार्दा पुरुषोत्तम हैं।

Narendra Modi Ayodhya

राम मंदिर का भूमि पूजन के बाद संबोधन करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ये महोत्सव है-विश्वास को विद्यमान से जोड़ने का। नर को नारायण से जोड़ने का। लोक को आस्था से जोड़ने का। वर्तमान को अतीत से जोड़ने का। और स्वं को संस्कार से जोड़ने का।

PM Narendra Modi

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज श्रीराम का यह जयघोष सिर्फ सिया-राम की धरती में ही नहीं सुनाई दे रहा, इसकी गूंज पूरे विश्व में है। सभी देशवासियों को, विश्व में फैले करोड़ों राम भक्तों को आज के इस सुअवसर पर कोटि-कोटि बधाई। उन्होंने कहा कि बरसों से टाट और टेंट के नीचे रह रहे हमारे रामलला के लिए अब एक भव्य मंदिर का निर्माण होगा। टूटना और फिर उठ खड़ा होना, सदियों से चल रहे इस व्यतिक्रम से रामजन्मभूमि आज मुक्त हो गई है। पूरा देश रोमांचित है, हर मन दीपमय है। सदियों का इंतजार आज समाप्त हो रहा है।

PM Narendra Modi

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गुलामी के कालखंड में कोई ऐसा समय नहीं था जब आजादी के लिए आंदोलन न चला हो, देश का कोई भूभाग ऐसा नहीं था जहां आजादी के लिए बलिदान न दिया गया हो। राम मंदिर के लिए चले आंदोलन में अर्पण भी था ,तर्पण भी था, संघर्ष भी था, संकल्प भी था। जिनके त्याग, बलिदान और संघर्ष से आज ये स्वप्न साकार हो रहा है, जिनकी तपस्या राममंदिर में नींव की तरह जुड़ी हुई है, मैं उन सबको आज 130 करोड़ देशवासियों की तरफ से नमन करता हूं।

राम जन्मभूमि आज मुक्त हुई : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां राम मंदिर भूमि पूजन समारोह में अपने विचार व्यक्त करते हुए बुधवार को कहा कि श्रीराम जन्मभूमि आज मुक्त हुई है। उन्होंने जय सिया राम का नारा लगाते हुए कहा कि कई पीढ़ियों ने इसके लिए अपना सब कुछ बलिदान कर दिया था, और राम मंदिर के लिए कई-कई पीढ़ियों ने अखंड, अविरत एकनिष्ठ प्रयास किए, और आज का यह दिन उसी तप, त्याग और संकल्प का प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “राम काज कीन्हे बिनु मोहि कहां विश्राम। राम मंदिर के आंदोलन में अर्पण भी था और तर्पण भी था।”

Narendra Modi Ayodhya
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “यह मेरा सौभाग्य है कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट ने मुझे आमंत्रित किया। साक्षी बनने का अवसर दिया। मैं इसके लिए हृदय से ट्रस्ट का आभार व्यक्त करता हूं।”

मोदी ने कहा, “कश्मीर से कन्याकुमारी, जगन्नाथ से केदारनाथ तक, सोमनाथ से काशी विश्वनाथ तक, बोध गया से सारनाथ तक, अंडमान से अजमेर तक, लक्ष्यद्वीप से लेह तक आज पूरा भारत राममय है। पूरा देश रोमांचित है। हर मन दीपमय है। आज पूरा भारत भावुक है। सदियों का इंतजार आज समाप्त हो रहा है।”