newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Currency Notes And Karnataka Minister: कर्नाटक के मंत्री के सामने उड़ाए गए लाखों के नोट, निशाना साधकर बीजेपी बोली- जब केंद्रीय एजेंसियां छापा मारेंगी तो…, देखिए Video

कर्नाटक की कांग्रेस सरकार में मंत्री शिवानंद पाटिल अब नोट की वजह से निशाना बन रहे हैं। शिवानंद पाटिल के पास कपड़ा, गन्ना विकास और एपीएमसी विभाग हैं। पिछले दिनों शिवानंद पाटिल हैदराबाद में एक शादी में गए थे। उस समारोह का एक वीडियो सामने आया है।

हैदराबाद। कर्नाटक की कांग्रेस सरकार में मंत्री शिवानंद पाटिल अब नोट की वजह से निशाना बन रहे हैं। शिवानंद पाटिल के पास कपड़ा, गन्ना विकास और एपीएमसी विभाग हैं। पिछले दिनों शिवानंद पाटिल हैदराबाद में एक शादी में गए थे। उस समारोह का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें शिवानंद पाटिल कुछ लोगों के साथ सोफे पर बैठे हैं और कुछ लोग उनके सामने ही नोट उड़ा रहे हैं। वीडियो में आगे दिखता है कि शिवानंद पाटिल के पैरों के पास ही नहीं, आसपास जमीन पर नोट ही नोट बिखरे हुए हैं। शिवानंद पाटिल इस वीडियो में साथ बैठे लोगों से बातचीत करते दिख रहे हैं। मीडिया की खबरों के मुताबिक हैदराबाद में ये शादी 15 अक्टूबर को हुई थी। कांग्रेस के नेता अयाज खान के बेटे की शादी थी। उसी शादी में शिवानंद पाटिल अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ पहुंचे थे। बीजेपी ने वीडियो सामने आने के बाद शिवानंद और कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है।

शिवानंद पाटिल जिन अयाज खान के बेटे की शादी में पहुंचे थे, उसमें कव्वाली भी हो रही थी। वीडियो में कलाकार कव्वाली करते भी दिखे। इसी कव्वाली के दौरान शिवानंद पाटिल के आसपास लोग नोट उड़ाने में व्यस्त दिखे। मंत्री शिवानंद पाटिल ने अपने आसपास नोट बरसाए जाने पर कुछ कहा भी नहीं। जानकारी के मुताबिक जिस शादी समारोह में नोट उड़ाए जा रहे थे, वहां कर्नाटक के दो और मंत्री रहीम खान और जमीर अहमद भी थे। अब इसी वीडियो की वजह से शिवानंद पाटिल विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं। बीजेपी ने शिवानंद पाटिल और कर्नाटक सरकार पर निशाना साधा है। बीजेपी ने कहा है कि लोकतंत्र में चुनाव एक महापर्व है। पार्टी की तरफ से कहा गया है कि कांग्रेस और उसके मंत्री अपनी काली कमाई से इसे महापर्व को प्रदूषित करने का काम कर रहे हैं। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि तेलंगाना में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में कर्नाटक में वसूली कर कांग्रेस फंडिंग कर रही है। बीजेपी ने ये भी कहा है कि जब केंद्रीय जांच एजेंसियां छापा मारेंगी, तो घमंडिया ठगबंधन की आवाज दबाने का रटाया हुआ बयान लोग देने लगेंगे।

बीजेपी लगातार कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाती रही है। खासकर कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के दौरान भ्रष्टाचार का आरोप बीजेपी ने पहले भी लगाया है। बीते दिनों इनकम टैक्स के छापों में दक्षिण भारत के राज्यों में 94 करोड़ रुपए नकद बरामद हुए थे। इसके अलावा 8 करोड़ के जेवर भी मिले थे। अब शिवानंद पाटिल के सामने लाखों की नकदी उड़ाए जाने को बीजेपी ने मुद्दा बना लिया है। तेलंगाना में विधानसभा चुनाव का एलान हो चुका है। ऐसे में नोट उड़ाए जाने को मुद्दा बनाने में बीजेपी को आसानी हुई है।