newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बिगड़े बोल- देवबंद को बताया आतंकवाद की गंगोत्री

केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण पर ऐसा कानून आना चाहिए कि जो ना माने, उसका वोटिंग का अधिकार खत्म कर देना चाहिए। जनसंख्या समाधान फाउंडेशन एवं हिंदू जागरण मंच पर सीएए के समर्थन कार्यक्रम में केंद्रीय पशुधन मंत्री गिरिराज सिंह सहारनपुर पहुंचे थे।

सहारनपुर। केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण पर ऐसा कानून आना चाहिए कि जो ना माने, उसका वोटिंग का अधिकार खत्म कर देना चाहिए। जनसंख्या समाधान फाउंडेशन एवं हिंदू जागरण मंच पर सीएए के समर्थन कार्यक्रम में केंद्रीय पशुधन मंत्री गिरिराज सिंह सहारनपुर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर कहा कि जो इस कानून को नहीं माने उसका वोटिंग राइट खत्म कर देना चाहिए और ऐसे लोगों पर आर्थिक और कानूनी प्रतिबंध भी लगाना चाहिए।

giriraj singh delhi election

केंद्रीय मंत्री ने देवबंद को आतंकवाद की गंगोत्री करार दिया है। उन्होंने यहां तक कहा कि हाफिज सईद से लेकर देश दुनिया में मौजूद आतंकवादियों के तार देवबंद से जुड़े हैं। गिरिराज ने कहा कि मैं एक बार पहले भी कह चुका हूं कि देवबंद आतंकवादियों की गंगोत्री है। दुनिया के सभी सबसे ज्यादा वांछित आतंकवादी देवबंद से आए हैं, जिनमें हाफिज सईद या अन्य भी शामिल हैं। देवबंद में चल रहे सीएए विरोधी प्रदर्शनों पर हमला करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा, “ये लोग सीएए के खिलाफ नहीं हैं। ये भारत के खिलाफ हैं। यह एक तरह का खिलाफत आंदोलन है।”

देवबंद में बीते महीनों में मुस्लिम महिलाओं द्वारा उग्र रूप से प्रदर्शन हुआ है और इसे भाजपा नेताओं के हमलों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि वह पिछले वर्ष जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के बैनर तले कानून बनाने को लेकर 125 सांसदों का हस्ताक्षर युक्त पत्र राष्ट्रपति को सौंप चुके हैं। 11 अक्टूबर 2019 से मेरठ से दिल्ली तक पैदल यात्रा भी की। जिसमें तकरीबन 300 छोटी-बड़ी रैलियों का आयोजन हुआ था। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसंख्या नियंत्रण को लेकर कड़ा कानून बनना चाहिए।

Giriraj Singh

उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण पर कहा कि देश के अंदर जनसंख्या नियंत्रण जल्द से जल्द लागू होना चाहिए। अन्यथा देश का विकास नहीं हो पाएगा। अगर देश का विकास करना है तो जनसंख्या नियंत्रण कानून बहुत जल्द से जल्द लाना होगा। गिरिराज सिंह ने कहा कि सीएए के खिलाफ जो भी लोग प्रदर्शन कर रहे हैं वह गलत हैं। उससे भारतीय की नागरिकता का कोई भी खतरा नहीं है, लेकिन पता नहीं क्यों प्रदर्शन करने वाले लोग यह बात समझने को तैयार नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि जब भारत का बंटवारा हुआ था तो धर्म के आधार पर बंटवारा किया गया था। अगर उस समय धर्म के आधार पर बंटवारा नहीं किया जाता तो आज पाकिस्तान में सारे मुस्लिम और हिंदुस्तान में सारे हिन्दू होते।

Giriraj Singh

गिरिराज सिंह ने दिल्ली में हो रहे सीएए के प्रदर्शन पर कहा है कि कोई कहता है कि भारत इस्लामिक देश बनेगा तो कोई कहता है कि नागरिकता संशोधन बिल गलत लाया गया है, जबकि भारत में रहने वाले किसी भी हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई नागरिक की नागरिकता को कोई भी कानून से कोई भी खतरा नहीं है।