newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Ram Temple: राम मंदिर में भक्तों पर निगाह रखने को लगाए जाएंगे फेस रिकग्निशन वाले कैमरे, रामनवमी से पहले तमाम सुविधाएं भी शुरू होंगी

Ram Temple: राम मंदिर में परकोटा का निर्माण भी तेज हुआ है। पूरे परिसर के चारों तरफ 825 मीटर लंबा परकोटा बनाया जा रहा है। परकोटा पूरी तरह बनने में मार्च 2025 तक का वक्त लगने की संभावना है। राम मंदिर के दक्षिण दिशा में बेसमेंट का काम भी काफी हो चुका है।

अयोध्या। रामलला का मंदिर अयोध्या में बन गया। भगवान की प्राण प्रतिष्ठा भी हो गई। इसके बाद से ही अयोध्या में रामलला के भक्त बड़ी तादाद में रोज पहुंच रहे हैं। अगले महीने 17 अप्रैल को रामनवमी भी है। इस पर्व पर राम मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने तैयारी शुरू कर दी है। राम मंदिर में भीड़ को व्यवस्थित करने के तरीकों पर ट्रस्ट के सदस्यों ने चर्चा की है। मीडिया के हवाले से ये खबर भी है कि सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था करने के लिए राम मंदिर को आने वाले पूरे रास्ते पर फेस रिकग्निशन वाले कैमरे लगवाए जाएंगे। इन कैमरों से राम मंदिर तक पहुंचने वाले हर शख्स की पहचान हो सकेगी।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र का कहना है कि अगर भीड़ में कोई भी अराजक तत्व या आतंकी होगा, तो फेस रिकग्निशन वाले कैमरे से उसकी पहचान तत्काल की जा सकेगी। इसके लिए कैमरों को अपराधियों के डेटा बेस से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा रामनवमी से पहले ही बैरिकेडिंग का काम भी हो जाएगा। अनिल मिश्र ने मीडिया को बताया कि ट्रस्ट की तरफ से स्टील की बैरिकेडिंग कराई जा रही है। यहां ऐसी व्यवस्था भी होगी कि श्रद्धालु बैठकर आराम भी कर सकें और फिर मंदिर में दर्शन के लिए आगे बढ़ें। इसके अलावा ट्रस्ट ने 10 अप्रैल तक तीर्थ यात्री सुविधा स्थल का काम भी पूरा करने का फैसला किया है।

राम मंदिर में परकोटा का निर्माण भी तेज हुआ है। पूरे परिसर के चारों तरफ 825 मीटर लंबा परकोटा बनाया जा रहा है। परकोटा पूरी तरह बनने में मार्च 2025 तक का वक्त लगने की संभावना है। राम मंदिर के दक्षिण दिशा में बेसमेंट का काम भी काफी हो चुका है। राम मंदिर में दर्शन के लिए लोगों के पास ज्यादा सामान न हो, तो अच्छा रहता है। हालांकि, भक्तों की सुविधा के लिए 7000 नए लॉकर भी तैयार कराए जा रहे हैं।