newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Ahmedabad Plane Crash : अहमदाबाद में क्रैश हुए विमान में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपाणी भी थे सवार

Ahmedabad Plane Crash : खबर लिखे जाने तक विजय रूपाणी या अन्य यात्रियों की कुशलता के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से बात की, घटना का जायजा लिया। नायडू खुद अहमदाबाद पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री ने नायडू को निर्देश दिया है कि वे सभी आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराएं और स्थिति के बारे में नियमित रूप से अपडेट करते रहें।

नई दिल्ली। अहमदाबाद में एयर इंडिया का जो विमान क्रैश हुआ है उसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी सवार थे। टीवी 9 भारत वर्ष ने इस बात की जानकारी दी है। वहीं विजय रूपाणी के नाम से बुक विमान टिकट और बोर्डिंग पास भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस विमान में कुल 242 यात्री सवार थे, खबर लिखे जाने तक विजय रूपाणी या अन्य यात्रियों की कुशलता के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी है। एयरइंडिया की फ्लाइट संख्या AI171 ने अहमदाबाद से 1 बजकर 38 मिनट पर लंदन के लिए उड़ान भरी थी और 1 बजकर 40 मिनट पर विमान क्रैश हो गया।

अहमदाबाद के मेघानी नगर इलाके में मेंटल हॉस्पिटल कैंपस के पास रिहायशी इलाके में विमान क्रैश हुआ है। क्रैश होते ही विमान आग का गोला बन गया और आसमान में काले धुएं के गुबार छा गए। कुछ मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया जा रहा है कि टेक ऑफ करते समय विमान का पिछला हिस्सा एक पेड़ से टकरा गया जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। विमान हादसे के वीडियो को देखकर कैजुअल्टी का अंदाजा लगाया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से बात की घटना का जायजा लिया। नायडू खुद अहमदाबाद पहुंच रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह भी अहमदाबाद के लिए रवाना होने वाले हैं।

प्रधानमंत्री ने नायडू को निर्देश दिया है कि वे सभी आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराएं और स्थिति के बारे में नियमित रूप से अपडेट करते रहें। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार सभी संबंधित एजेंसियों को ​​हाई अलर्ट पर रखा गया है और समन्वित प्रयास जारी हैं। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विमान दुर्घटना के संबंध में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गृह मंत्री और पुलिस कमिश्नर से बात की है। अमित शाह ने गुजरात सरकार को केंद्र सरकार की तरफ से हर प्रकार की सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। विमान हादसे के बाद घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड की टीमें पहुंच रही हैं।